राजनांदगांव

नाबालिग पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार
29-Aug-2026 10:16 PM
नाबालिग पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनादगांव, 29 अगस्त। जान से मारने की धमकी देकर 17 वर्षीय युवक के हाथ पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल।

पुलिस के अनुसार तुमडीबोड़ पुलिस चौकी अंतर्गत 27 अगस्त को ग्राम तुमड़ीबोड़ रामनगर निवासी प्रार्थी गोविंद बांधे ने पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका 17 वर्षीय पुत्र रामनगर गौठान के पास बैठा था, इसी दौरान आरोपी जिनेन्द्र पाल कोरे उसे अपने साथ चलने के लिए बोला, कहाँ जाना है नहीं बताया, तो साथ जाने से मना करने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते अपने पास रखे चाकू से युवक पर हमला कर दिया। चाकू के हमले से युवक के हाथ में चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल युवक द्वारा अपने परिजनों को घटना की जानकारी देने पर परिजन उसे लेकर तत्काल पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटे में आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू को जब्त किया गया। आरोपी को पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ के अपराध क्रमांक 370/2026, धारा 296, 118(1), 351(3) बीएनएस, 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया।


अन्य पोस्ट