राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ से आईपीएस जितेन्द्र यादव ने गिनाईं प्राथमिकताएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 अगस्त। राजनांदगांव रेंज के अतिसंवेदनशील जिले कबीरधाम में हाल ही में पदस्थ एसपी जितेन्द्र यादव इस सीमावर्ती जिले की सामाजिक, राजनीतिक तासीर को लेकर एक विशेष सोच के तहत पुलिसिंग करने के पक्षधर हैं। ढ़ाई साल तक बस्तर के घोर नक्सल जिले बीजापुर में सफलतापूर्वक कार्य करने के बाद मैदानी इलाके कबीरधाम के कप्तान बने जितेन्द्र यादव का विजन एकदम स्पष्ट है। वह बुनियादी पुलिसिंग को पुख्ता बनाने के पक्ष में है। साथ ही वह कबीरधाम जिले के पठारी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को समान रूप देना चाहते हैं। ‘छत्तीसगढ़’ से खास बातचीत में श्री यादव ने अपनी प्राथमिकताओं को इस संवाददाता के साथ साझा किया।
2018 बैच के आईपीएस जितेन्द्र यादव कबीरधाम जिले की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों का बेहतर तालमेल रखकर काम करने का इरादा रखते हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिले में पुलिसिंग को मजबूत करने की एक ठोस योजना के तहत कार्य करने मातहतों को निर्देश जारी किए गए हैं। खास बात यह है कि कवर्धा शहर में वह ट्रैफिक को भी पुख्ता बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र रेंगाखार और चिल्फी क्षेत्र में वह मोटर साइकिल अधिनियम को सशक्त रूप से लागू करना चाहते हैं। मोटर साइकिल चलाने के दौरान शराब सेवन पर वह कार्रवाई करने के मामले में कोई समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस की साख को मजबूत करना भी उनकी अहम प्राथमिकताओं में से एक है। वह पुलिस और जनता के बीच दूरी को कम करने की दिशा में आगे बढऩा भी चाहते हैं।
यादव ने पदभार ग्रहण करने के बाद से आम लोगों के बीच सतत संपर्क बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। लोग उनसे सीधे जुडक़र अपनी कानूनी संबंधी समस्याओं का हल ढूंढने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं उन्होंने जिलेभर के थानेदारों को अवैध शराब और सूखे नशे के खिलाफ भी सख्त कदम उठाने को कहा है। यादव के मुताबिक चिल्फी क्षेत्र में वह अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों के खिलाफ मुस्तैदी से कार्रवाई करने के लिए सूचना तंत्र को मजबूत कर रहे हैं। वह मानते हैं कि सीमावर्ती जिला होने की वजह से जिले के कुछ इलाकों में अवैध नशीले कारोबार पर नकेल कसना जरूरी है। इसके लिए वह जिला स्तरीय नारकोटिक्स टीम को सक्रिय रखकर काम करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।