राजनांदगांव

कल सजेगी भाईयों की कलाईयों में रंग-बिरंगी राखियां
27-Aug-2026 3:30 PM
कल सजेगी भाईयों की कलाईयों में रंग-बिरंगी राखियां

भाई-बहन के अटूट रिश्ते के पर्व रक्षाबंधन पर उत्साह का माहौल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 27 अगस्त। भाई-बहन के अटूट रिश्ते के पर्व रक्षाबंधन पर कल शुक्रवार को भाईयों की कलाईयों में बहनों का प्यार व आशीर्वाद राखी के रूप में नजर आएगा। बहनें कल भाईयों की कलाईयों में रंग-बिरंगी राखियां बांधकर पारंपरिक रस्म निभाएंगी। घरों में बहनों और भाईयों के बीच कल प्यार और आशीर्वाद माहौल के बीच हंसी-ठिठोली भी होगी।

कल 28 अगस्त को रंग-बिरंगी राखियों के बीच बाजार में खरीददारी के लिए लोगों की भीड़ भी बढऩे लगी है। वहीं त्यौहारी सीजन के चलते व्यापारिक हलचल भी तेज हो गई है। बाजार के अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में राखियों की दुकानें सजकर तैयार हो गई है, जहां लोग खरीदी करने भी पहुंचने लगे हैं। रेशम की डोरी सहित कार्टून व अन्य प्रकार की एक से बढक़र एक राखियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।  घर-घर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाने वाला रक्षाबंधन पर्व कल 28 अगस्त को है, जिसे लेकर भी तैयारियां चल रही है।

बाजार में सप्ताहभर पहले से ही राखियों की दुकानें सजना शुरू हो गया था। शहर के बाजार इलाके के अलावा शहर के मोहल्लों व चौक-चौराहों में राखियों की अस्थाई दुकानें भी खुल चुकी है, जहां राखियों की खरीदी करने महिलाएं व युवतियों की भीड़ भी नजर आ रही है। राखी का कारोबार बेहतर होने की उम्मीद व्यवसायी लगाए हुए हैं। रक्षाबंधन पर्व के लिए शहर के बाजार क्षेत्र के अलावा मानव मंदिर चौक, जयस्तंभ चौक, नंदई चौक, बसंतपुर क्षेत्र, चिखली व लखोली क्षेत्र के अलावा अन्य स्थानों में राखियों की दुकानें लगने का क्रम शुरू हो गया है। रक्षाबंधन पर्व के सप्ताहभर पहले ही राखियों की दुकानें सजने से दूर-दराज भाईयों के लिए राखी भेजने वाली युवतियां व महिलाएं खरीदी के बाद राखी भेजने का क्रम शुरू हो गया है। साल के इस खास मौके पर बहनों में भाईयों के प्रति प्रेम जाहिर करती हैं। वहीं अपनी मनपसंद तोहफे और उपहार के लिए भी भाईयों से लड़ती है। रक्षाबंधन को पारंपरिक रूप से मनाने घरों में तैयारी भी चल रही है।

तरह-तरह की राखियां पहुंची दुकानों में

इस बार राखी दुकानों में अलग-अलग डिजाईनों की राखियां पहुंच गई है। इस बार बच्चों को पसंद आने वाली राखियां भी बिक्री के लिए पहुंच गई है। बाजार में अत्याधुनिक राखियों की बड़ी मांग है। वहीं रस्म के लिए धागे से निर्मित राखियों की अब भी मांग है। हालांकि दूर-दराज में रहने वाली बहनों की राखियां कुरियर और डाक के जरिये घर पहुंच रही है। इधर भाईयों की कलाई सजाने के लिए बहनें मनपसंद राखी खरीदने बाजार की ओर रूख करने लगी है।

भाईयों में भी बहनों को राखी के अवसर पर गिफ्ट और उनकी मनपसंद तोहफे देने की तैयारी की है। खासतौर पर विवाह पश्चात पहली बार घर आई महिलाओं को भाईयों की ओर से खास उपहार दिए जाने की तैयारी है। शहर के मानव मंदिर चौक, गुडाखू लाइन, कामठी लाइन समेत अन्य क्षेत्रों में दुकानें सजकर तैयार हो गई है।  शहर के अलावा आसपास के कस्बाई इलाकों में भी राखी की दुकानें सजी हुई है। फैंसी राखियों के अलावा पारंपरिक राखियां भी बाजार में दिख रही है। पर्व की वजह से मिठाई बाजार में भी आगामी दिनों हलचल बढऩे की उम्मीद है।

 मिठाईयों की बढ़ी मांग

राखी पर्व के खास मौके पर फल और मिठाईयों की मांग भी बढ़ गई है। शहर समेत जिलेभर के मिठाई दुकानों में लोगों की भीड़ भी मिठाईयां खरीदी करने भीड़ उमडऩे लगी है। इसके अलावा फल दुकानों में भी फलों की खरीदी-बिक्री में तेजी दिखाई दे रही है।

 बस-ट्रेनों बढ़ी भीड़

राखी पर्व के अवसर पर यात्री वाहनों में भी भीड़ बढ़ गई है। यात्री बसों और टे्रनों में महिलाओं और बच्चों की तादाद अधिक दिखाई दे रही है। कल शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व के चलते महिलाएं अपने बच्चों को  लेकर मायके व भाईयों के घरों की ओर रूख कर रही है। इसके अलावा दो पहिया वाहनों से भी परिजनों के साथ भाईयों के घरों की ओर रूख करने से सडक़ों में भी आवाजाही बढ़ गई है।


अन्य पोस्ट