राजनांदगांव

रेल्वे ओवरब्रिज में बस हुई खराब, घंटों जाम में फंसे लोग
26-Aug-2026 4:48 PM
रेल्वे ओवरब्रिज में बस हुई खराब, घंटों जाम में फंसे लोग

पटरीपार 50 हजार की आबादी यातायात समस्या से बेहाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 26 अगस्त। रेल्वे ओवरब्रिज में बुधवार सुबह एक यात्री बस के खराब होने से घंटों लोग जाम में फंसे रहे। रोजाना किसी न किसी वजह से  आवाजाही के दौरान लोगों को जाम में फंसे रहना पड़ रहा है। रेल्वे अंडरब्रिज निर्माण में हो रही देरी का खामियाजा लोगों को ओवरब्रिज से आवाजाही के दौरान जाम जैसी जटिल समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

इस मामले में रेल्वे प्रशासन के अलावा स्थानीय लोग यातायात के खराब बंदोबस्त के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को दोषी मान रहे हैं। इसी बीच आज सुबह चिखली की ओर ब्रिज में एक यात्री बस तकनीकी  वजह से खराब हो गई। बस के बिगडऩे की वजह से दोनों ओर से आवाजाही पूरी तरह से प्रभावित रही। जाम में फंसे लोग इस अव्यवस्था के लिए यातायात विभाग को कोसते नजर आए। बताया जा रहा है कि एक यात्री बस शहर की ओर जैसे ही ओवरब्रिज में दाखिल हुई, उसी दौरान बस खराब हो गई। इस वजह से यातायात ठप हो गया। गौरतलब है कि राजनांदगांव शहर की पटरीपार  50 हजार की आबादी को रोजाना यातायात की जटिल समस्या से निपटने के लिए दो-दो हाथ करना पड़ता है। रेल्वे ओवरब्रिज की क्षमता बढ़ती आबादी की वजह से सिमटने लगी है। ऐसे में सुगम आवाजाही के लिए ब्रिज में डिवाईडर से दो भागों में विभक्त किया गया है। अक्सर ठेला और रिक्शे की चढ़ाई के दौरान  जाम की स्थिति बन जाती है। ओवरब्रिज में दबाव कम करने के लिए वैकल्पिक रूप से रेल्वे अंडरब्रिज का निर्माण पिछले तीन सालों से चल रहा है। रेल मंत्रालय ने एक साल के भीतर अंडरब्रिज निर्माण का दावा किया था। दो साल अतिरिक्त समय पूर्ण होने के बावजूद अंडरब्रिज का निर्माण अब भी अधूरा है। ऐसे में रेल्वे ओवरब्रिज में यातायात का दबाव बढ़ा है। पटरीपार की आबादी को आवश्यक कार्य के दौरान रोजाना जाम की स्थिति से समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट