राजनांदगांव
घरों में बिखरी खुशियां
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 अगस्त। इस्लाम धर्म के पैगम्बर हजरत मोहम्मद के जन्मदिन को यादगर बनाने के लिए मुस्लिम धर्मावलंबियों ने आज शहर में मोहम्मद-ए-जुलूस निकालकर हजरत पैगम्बर साहब के शान में नारे लगाए। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने पर्व के एक दिन पहले मंगलवार को शहर के प्रमुख मार्गों में बाइक रैली निकाली थी। हजरत पैगम्बर साहब के जन्मदिन को मुस्लिम धर्मावलंबी ईद-मिलादुन्नबी के रूप में उत्साह के साथ मनाते हैं। इस पर्व को मनाने के लिए मुस्लिम समाज के लोग शहर में भव्य सजावट किया था। वहीं मस्जिदों में आकर्षक विद्युत रौशनी भी की।
मिली जानकारी के अनुसार मुस्लिम धर्मावलंबी हर साल इस्लामिक कैलेंडर के 3 महीने यानी रबी-उल अव्वल की 12वीं तारीख को मनाया जाता है। शहर में हर साल ईद-मिलादुन्नबी के मौके पर शहर के चौक-चौराहों में आकर्षक सजावट समाज द्वारा की गई। शहर के मुख्य चौराहे मानव मंदिर चौक से जयस्तंभ चौक मार्ग को खूबसूरती का रंग भरते सजाया गया है। इधर शहर के जामा मस्जिद और अन्य मस्जिदों को आकर्षक रूप देने विद्युत सजावट की गई है। ईद-मिलादुन्नबी पर्व के एक दिन पहले मंगलवार को मुस्लिम समाज द्वारा मोटर साइकिल रैली निकाली गई। जिसमें समाज के लोग हाथों में सामाजिक परचम लेकर निकले और धार्मिक नारे भी लगाए।
शहर के जामा मस्जिद के सदर रईस अहमद शकील ने ईद मिलादुन्नबी पर्व की बधाई देते कहा कि पैगम्बर साहब पूरी दुनिया के रहमतगार बनकर संसार में आए थे। वह जात-पात के सख्त खिलाफ थे। साथ ही लिंग-भेद के भी वह कट्टर विरोधी थे। बेटियों के संरक्षण को लेकर उन्होंने अपने जमाने में सामाजिक कुरीतियों का विरोध किया। यही कारण है कि आज बेटियां पूरी तरह से सुरक्षित है।
जुलूस का जगह-जगह हुआ स्वागत
ईद-मिलादुन्नबी पर्व पर मोहम्मद-ए-जुलूस शहर के जूनी हटरी इस्लाम चौक से मानव मंदिर चौक, आजाद चौक, गौशाला, दुर्गा चौक, गांधी चौक, जामा मस्जिद चौक, भारत माता चौक, लोहारपारा, रामाधीन मार्ग से जीई रोड होते हुए भगत सिंह चौक, गुडाखू लाइन, आजाद चौक, सिनेमा लाइन से जयस्तंभ चौक से जूनीहटरी पहुंची। इस बीच जुलूस का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। साथ ही मुस्लिम बंधुओं को पर्व की बधाईयां भी दी।
घरों में बिखरी खीर की खुशबू
पर्व के अवसर पर मुस्लिम समाज के लोग जहां जुलूस में शामिल हुए। वहीं शहर के सभी मस्जिदों में परचम कुशाई की गई। साथ ही मुस्लिम समाज के लोग एक-दूसरे से गले मिलकर पर्व की बधाईयां दी। वहीं घरों में खीर की महक भी बिखरी रही।