राजनांदगांव
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले
मांगों को लेकर किया आवाज बुलंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 अगस्त। टेट परीक्षा समेत 5 सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले मंगलवार को शिक्षकों ने धरना दिया। धरना में प्रमुख रूप से सेवारत शिक्षक संवर्ग के लिए टेट की अनिवार्यता को समाप्त करने तथा शिक्षक एलबी संवर्ग को पंचायत संवर्ग में प्रथम नियुक्ति से सेवा की गणना कर पूर्ण पुरानी पेंशन समेत शिक्षा विभाग में लागू समस्त सभी लाभ देने की मांग शामिल है। इसके अलावा केंद्रीय वेतनमान, राजपत्र में संशोधन तथा ब्रिज कोर्स से बीएड प्रशिक्षण की भी मांग शिक्षकों ने की है।
मंगलवार को स्थानीय कलेक्टोरेट परिसर के सामने फ्लाई ओवर के नीचे विभिन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण व मांगों की अविलंब पूर्ति की मांग को लेकर शिक्षकों ने धरना दिया। धरना में शामिल शिक्षकों ने राज्य सरकार से शिक्षक संवर्ग के लंबित वेतन विसंगति को दूर करने के लिए केंद्रीय वेतनमान संरचना के आधार पर वेतन निर्धारण की मांग की। साथ ही राजपत्र में संशोधन कर विसंगतियुक्त छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षक सेवा भर्ती एवं पदोन्नति नियम में भी आवश्यक संशोधन की मांग की। इस संबंध में शिक्षकों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही शिक्षकों ने अपनी एकजुटा का प्रदर्शन किया।