राजनांदगांव
नांदगांव के रेवाडीह चौराहे पर बीती रात की घटना, आधा दर्जन मवेशी गंभीर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 अगस्त। राजनांदगांव शहर से कुछ दूर स्थित रेवाडीह चौराहे में बीती रात को सडक़ में बैठे मवेशियों को तेज रफ्तार वाहनों ने रौंद दिया। घटना में डेढ़ दर्जन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं देर रात को हुए इस घटना में आधा दर्जन मवेशियों को गंभीर चोट पहुंची है। घायल मवेशियों को पुलिस की मदद से पशु चिकित्सालय भेजा गया है। एक साथ बड़ी तादाद में ट्रकों के नीचे आने से मारे गए मवेशियों की घटना को लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ लोगों में आक्रोश बढ़ गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद एएसपी कीर्तन राठौर मौके पर पहुंचे।
मिली जानकारी के मुताबिक रेवाडीह चौराहे में बीती रात को सडक़ में बैठे मवेशियों को एक के बाद एक दो-तीन ट्रक रौंदकर आगे बढ़ गए। मवेशियों की इस हादसे में मौत की खबर के साथ-साथ घायल होने की जानकारी पहुंची। पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर खून से लथपथ मृत और घायल मवेशियों को रास्ते से हटाया गया। इस हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी थी कि मवेशियों की सुरक्षा को ताक में रख दिया गया है। यही कारण है कि पिछले सप्ताहभर के भीतर मवेशी बे-मौत मारे जा रहे हैं। पिछले दिनों तुमड़ीबोड़ के पास भी आधा दर्जन से अधिक मवेशी हाईवे में दुर्घटना के शिकार हुए। इस तरह अब तक 30 से ज्यादा मवेशियों की नेशनल हाईवे में मौत हो चुकी है। उधर एएसपी कीर्तन राठौर ने मौके पर पहुंचकर नाराज लोगों को शांत कराया। उन्होंने कहा कि यातायात विभाग के साथ-साथ नगर निगम की भी हाईवे से मवेशियों को हटाने की जिम्मेदारी है।
उन्होंने नाराज लोगों को नगर निगम के अफसरों से भी चर्चा करने का आग्रह किया। इस बीच हादसे की वजह से ट्रकों को रोका गया। खून से लथपथ घटनास्थल की सफाई की गई। वहीं जख्मी मवेशियों को पशु चिकित्सालय उपचार के लिए भेजा किया गया। बताया जा रहा है कि कुछ मवेशी जख्मी होने की वजह से गंभीर स्थिति में है। जबकि कुछ मवेशियों के पैर भी टूट गए हैं। नेशनल हाईवे में बारिश के सीजन में हर साल मवेशियों की अकाल मौत के मामले में बढ़ोत्तरी हो रही है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने की वजह से मवेशी और इंसानों के बीच संघर्ष की स्थिति भी दिख रही है।