राजनांदगांव
अविभाजित राजनांदगांव में जिपं सीईओ के तौर पर कर चुकी काम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 अगस्त। वनांचल मोहला-मानपुर जिले की नवनियुक्त कलेक्टर तनुजा सलाम ने शुक्रवार दोपहर बाद विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। 2019 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अफसर तनुजा सलाम ने कार्यभार संभालने के फौरन बाद जिले में चल रहे विकास कार्यों का जमीनी मुआयना किया।
उन्होंने जिले के अन्य अफसरों के साथ बैठक भी की। तनुजा 2008 बैच की राज्य प्रशाासनिक सेवा की चयनित डिप्टी कलेक्टर हैं। आईएएस अवार्ड के बाद बतौर कलेक्टर उनकी पहली नियुक्ति है। वह अविभाजित राजनांदगांव जिले की जिला पंचायत सीईओ के पद पर कार्य कर चुकी है। राज्य प्रशासनिक सेवा में चयन के बाद वह डोंगरगांव अनुभाग में बतौर एसडीएम रही। पदभार ग्रहण करने के बाद अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे, मोहला एसडीएम हेमेन्द्र भुआर्य, मानपुर एसडीएम अमितनाथ योगी समेत अन्य विभागीय अफसर उपस्थित थे। राज्य सरकार ने उन्हें संचालक, खेल एवं कल्याण विभाग के पद से कलेक्टर के रूप में मोहला-मानपुर में पदस्थ किया है।