राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 अगस्त। ग्राम गठुला-भेड़ीकला से लगे ग्राम भाठागांव में सावन मास में भगवान स्वयं-भू शिव लिंगेश्वर की पूजा-अर्चना का दौर जारी है। सावन के दूसरे सोमवार को ग्राम भांठागांव में धूमधाम से पालकी यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण व शिवभक्त शामिल हुए। सावन मास के अंतिम सोमवार को भगवान स्वयं-भू शिव लिंगेश्वर की महापूजा व सुबह से दुग्धाभिषेक, रूद्राभिषेक के साथ यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया है। इस दौरान शिव स्त्रोत पाठ के साथ महामृत्युंजय मंत्र गुंजायमान बना रहेगा।
मंदिर के पुजारी विजेंद्र दास ने बताया कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी हुई है। मंदिर समिति के नरोत्तम साहू ने बताया कि भगवान शिव लिंगेश्वर की बढ़ती ख्याति को देखते श्रावण मास के अंतिम सोमवार को भगवान स्वयं-भू शिव लिंगेश्वर की यज्ञ- हवन के साथ महापूजा का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। अंत में मंदिर में विचरण करने वाले नाग देवता की पूजा के पश्चात भोज भंडारा का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। ग्राम के खेमलाल, इनेश्वर साहू, यशवंत, कुलेश्वर, चमन साहू, खेमंत भागीरथी, नरोत्तम साहू ने श्रावण मास के अंतिम सोमवार को भगवान स्वयं भू शिव लिंगेश्वर में आयोजित भव्य महापूजा व भोज भंडारा की महाप्रसादी ग्रहण करने अधिकाधिक संख्या श्रद्धालु भक्तजनों को उपस्थिति का आग्रह किया है।