राजनांदगांव
मुदलियार ने सोमनी नाबालिग प्रकरण और मोहड़ गोलीकांड की जांच सार्वजनिक करने की रखी मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 जून। राजनांदगांव पुलिस पर कांग्रेसी नेताओं और पत्रकारों का फोन टेप करने का एक सनसनीखेज आरोप लगाते शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने बुधवार को आईजी बालाजी राव से शिकायत की है। वहीं मुदलियार ने आईजी से सोमनी नाबालिग मामला में दोषी पुलिस अफसरों पर कार्रवाई नहीं करने को लेकर भी सख्त आपत्ति की है। साथ ही मोहड़ गोलीकांड की जांच रिपोर्ट को लेकर पुलिस का रूख स्पष्ट नहीं होने पर भी ऐतराज जताया है।
श्री मुदलियार ने कई और मुद्दों को लेकर आईजी से आज मुलाकात की। आईजी ने कांग्रेस अध्यक्ष की शिकायतों को गंभीरता से सुनते उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। जबकि मुदलियार ने सोमनी नाबालिग प्रकरण में जिस तरह से थाना में अमानवीय बर्ताव किया गया, वह एक गंभीर मसला था। उन्होंने कहा कि पुलिस महकमे के दोषी अफसरों को बचाने का काम कर रही है। वहीं मीडिया से खुले तौर पर मुदलियार ने कांग्रेस नेताओं और पत्रकारों का फोन टेप करने का आरोप लगाया है। मुदलियार के इस सनसनीखेज आरोप से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि मुदलियार इस मामले को लेकर पुलिस को सीधे तौर पर लोगों की निजता के अधिकार का हनन करने के लिए घेर रहे हैं। आईजी राव से मुलाकात के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने पुलिस के रवैये को लेकर नाराजगी जताई है। माना जा रहा है कि आईजी के समक्ष उपस्थित कांग्रेसी नेताओं ने उनसे निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जताई है। उधर मोहड़ गोलीकांड की घटना को लेकर पुलिस की ओर से अब तक रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं करने के लिए भी कांग्रेसियों ने महकमे को आड़े हाथ लिया है। आईजी से कई और मुद्दों पर चर्चा कर कांग्रेस ने तत्काल न्यायसंगत कार्रवाई करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने की स्थिति में उग्र आंदोलन करने की भी चेतावनी दी है। आईजी से भेंट करने वालों में मेहुल मारू, रूपेश दुबे, चेतन भानुशाली, मामराज अग्रवाल, झम्मन देवांगन, मनीष गौतम व प्रेम रूचंदानी समेत अन्य कांग्रेसी नेता शामिल थे।
पुलिस ने आरोप को किया खारिज
कांग्रेस नेताओं और पत्रकारों के फोन टेप करने के कांग्रेस के आरोप को पुलिस ने सिरे से खारिज करते कहा कि आरोप झूठा है। पुलिस कतई ऐसा कृत्य नहीं करती। एएसपी कीर्तन राठौर ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि ऐसे आरोप का कोई आधार नहीं है। बिना किसी ठोस आधार के पुलिस कभी भी किसी का फोन टेप नहीं करती है। कांग्रेस का आरोप पूरी तरह से झूठा है।


