राजनांदगांव

श्री रामलला के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ में बनी रहे सुख-समृद्धि व खुशहाली- रमन
08-Jun-2026 4:25 PM
श्री रामलला के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ में बनी रहे सुख-समृद्धि व खुशहाली- रमन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जून।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह रविवार को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम राजनांदगांव में आयोजित श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के यात्रियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। तीर्थयात्रा से वापस आए दर्शनार्थियों एवं श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उल्लास एवं आनंद रहा और जय श्रीराम के जयकारे की मंगल ध्वनि से परिसर गूॅंज उठा।
विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज का दिन सौभाग्य का दिन है। अयोध्या धाम से श्री रामलला के दर्शन कर आए दर्शनार्थी जिन पैरों से चलकर वापस आए है, उन्हें छूने और धोने का अवसर एवं आशीर्वाद मिला है। भगवान श्रीराम का आशीष एवं पुण्य हम सभी को मिले। श्री रामलला का आशीर्वाद छत्तीसगढ़ पर बना रहे और सुख-समृद्धि एवं खुशहाली आए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम को छत्तीसगढ़ का भांचा कहते है। अयोध्या धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्र है। जिले के लगभग 1000 से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम की यात्रा कर वापस आए हैं।

उन्होंने स्मरण करते बताया कि पहले मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों को तीर्थयात्रा का लाभ दिया जाता था। जिससे बुजुर्गों को तीर्थाटन का लाभ मिला। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्री रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण किया गया है। वर्षों के बाद यह परिकल्पना साकार हुई है और भव्य एवं शानदार मंदिर का निर्माण हुआ है। उन्होंने सभी रामायण मंडली की समितियों को स्वेच्छानुदान से 3000 रुपए प्रदान करने की घोषणा की। सभी तीर्थयात्रियों को श्री रामलला की फोटोफ्रेम उपहार में दी जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना के तहत सभी श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को छाता, कंबल एवं अन्य व्यवस्था कर उनकी यात्रा एवं आवागमन का अच्छा प्रबंध किया है और इस योजना अंतर्गत आगे भी दर्शनार्थी लाभान्वित होंगे।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना अंतर्गत राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से 5950 श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की यात्रा कराई गई है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, छत्तीसगढ़ शासन आईआरसीटीसी एवं जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन राजनांदगांव द्वारा दुर्ग एवं बस्तर संभाग के यात्री एक दिन पहले राजनांदगांव पहुंचते है। उनके ठहरने, स्वास्थ्य, भोजन की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जाती है। नगर पालिक निगम, समाज कल्याण विभाग सभी की समन्वित सहभागिता रही है।
इस दौरान महापौर मधुसूदन यादव, योगेशदत्त शर्मा, सचिन बघेल, पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, रमेश पटेल, संतोष अग्रवाल, शिव वर्मा, राजेश श्यामकर, आयुष जैन, सुरूचि सिंह, अनिकेत साहू, वैशाली मरड़वार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट