राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जून। छत्तीसगढ़ राज्य में वैष्णव समाज के सर्वव्यापी संगठन छत्तीसगढ़ श्री वैष्णव महासभा का बहु प्रतीक्षित निर्वाचन प्रक्रिया प्रगति पर है। संगठन का निर्वाचन आगामी 14 जून को श्री दूधाधारी मठ मंदिर सत्संग भवन रायपुर में राजेश्री महंत रामसुंदर दास दूधाधारी मठाधीश रायपुर की अध्यक्षता में आयोजित होने जा रहा है।
उक्त जानकारी देते हेमंत वैष्णव अध्यक्ष निर्वाचन संचालन समिति तथा इंद्रकुमार वैष्णव मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संयुक्त रूप से देते बताया कि इस निर्वाचन में तीन पद क्रमश: अध्यक्ष, महासचिव एवं कोषाध्यक्ष का निर्वाचन होना है। नामांकन कार्य के अंतिम दिवस 6 जून तक अध्यक्ष पद हेतु तीन नामांकन सुरेंद्र वैष्णव ग्राम सुंदरा राजनांदगांव, रामरंग वैष्णव पलारी बलौदा बाजार व सविता दास रायपुर, महासचिव पद के लिए चार नामांकन महेंद्र वैष्णव ग्राम पुरैना राजनांदगांव, नरेंद्र वैष्णव भाटापारा, भीषमदास वैष्णव ग्राम हाड़सहुली बेमेतरा, योगेश्वर वैष्णव ग्राम जेवरा बेमेतरा तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन लाल बंधु वैष्णव बलोदा बाजार, सुरेंद्र बैरागी रायपुर से प्राप्त हुए हैं।
घोषित कार्यक्रम अनुसार संवीक्षा, नामवापसी तथा दावा आपत्ति के निराकरण पश्चात 11 जून को उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।


