राजनांदगांव
13 से 22 जून तक स्पर्धा में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जून। युगांतर पब्लिक स्कूल राजनांदगांव के 2 खिलाड़ी शुभम सिंह और हिमांशु सिंह का चयन भारतीय बास्केटबाल की स्कूल टीम के लिए हुआ है। रांची में 26 मई से 10 जून तक भारतीय बास्केटबॉल की स्कूल की टीम में इन विद्यार्थियों के चयन के लिए स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा कैंप आयोजित किया गया था। ज्ञात हो कि ये दोनों विद्यार्थी ज्लातिबोर सर्बिया में 13 से 22 जून तक आयोजित विश्व स्कूल बास्केटबॉल प्रतिस्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा बाड़मेर में आयोजित सीनियर स्कूल नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता एवं राजनांदगांव में आयोजित जूनियर स्कूल नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में लगभग 75 बालक एवं 75 बालिकाओं को चयन ट्रायल के लिए रांची में बुलवाया गया था। उस चयन ट्रायल में राजनांदगांव के 7 खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण शिविर के लिए आमंत्रित किया गया। जिसमें बालिका वर्ग में अंजनी, रूमी कोनवर, काम्या झा, आर्या विजय अवारे, रेवा कुलकर्णी और बालक वर्ग में शुभम सिंह एवं हिमांशु सिंह शामिल रहे।
इन खिलाडिय़ों ने सीबीएसई के विजेता टीम के तौर पर सीबीएसई का भी प्रतिनिधित्व किया था। शुभम सिंह युगांतर खेलो इंडिया बास्केटबॉल एकेडमी राजनांदगांव से है। ये सभी खिलाड़ी रेवाडीह स्थित बास्केटबॉल सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल एकेडमी राजनांदगांव के मैदान में अभ्यास करते हंै। इन्हें अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव एवं कालवा राधा राव प्रशिक्षण प्रदान करते हैं।
यह युगांतर पब्लिक स्कूल राजनांदगांव, सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल एकेडमी राजनांदगांव एवं प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि ये दोनों विद्यार्थी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनकी इस उपलब्धि पर इन्हें इनके कोच कालवा राजेश्वर राव एवं कालवा राधा राव को युगांतर पब्लिक स्कूल राजनांदगांव के निदेशक अकेडमिक्स सुशील कोठारी, चेयरमैन अजय सिंगी, वाइस चेयरमैन अखराज कोटडिय़ा, सेक्रेटरी विनय डड्ढा, कोषाध्यक्ष मिश्रीलाल गोलछा, निदेशक अकेडमिक्स नरेंद्र कोटडिया, प्राचार्य मधुसूदन नायर, खेल अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह ने बधाइयां दी है।


