राजनांदगांव

खरीफ सीजन की तैयारियों पर जिला सहकारी बैंक सख्त
06-Jun-2026 6:16 PM
खरीफ सीजन की तैयारियों पर जिला सहकारी बैंक सख्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जून।
खरीफ  सीजन को देखते किसानों को खाद-बीज एवं नगद ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित करने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
बैंक  अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल एवं उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने शुक्रवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सभागार में आयोजित शाखा प्रबंधकों की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप खाद एवं बीज का सुचारू वितरण किया जाए तथा ऋण वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा न आने पाए।

बैठक में बैंक अध्यक्ष श्री बघेल और उपाध्यक्ष श्री वर्मा ने  बैंक के समस्त शाखा प्रबंधकों के साथ खरीफ  सीजन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में किसानों को समय पर आवश्यक कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया। अध्यक्ष श्री बघेल ने कहा कि खरीफ फसलों की बुवाई का समय किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में खाद, बीज एवं नगद ऋण वितरण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए, ताकि किसी भी कृषक सदस्य को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि समितियों के माध्यम से किसानों को शासन की निर्धारित पात्रता एवं मापदंडों के अनुसार खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए।

उपाध्यक्ष  भरत वर्मा ने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों तक कृषि सुविधाएं पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों से समितियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।  बैठक में जोर दिया गया कि किसानों को सहकारी व्यवस्था का अधिकतम लाभ मिले और खरीफ  सीजन के दौरान कृषि कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक के दौरान बैंक के अधिकारियों एवं शाखा प्रबंधकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति से अवगत कराया तथा खाद, बीज और ऋण वितरण से संबंधित व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैंक प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी शाखाएं और समितियां समन्वित प्रयासों के माध्यम से किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएंगी और खरीफ सीजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।


अन्य पोस्ट