राजनांदगांव

शनिवार देर रात तक बिजली बंद होने से उबलते रहे लोग, विभाग की व्यवस्था की खुली पोल
31-May-2026 9:38 PM
शनिवार देर रात तक बिजली बंद होने से उबलते  रहे लोग, विभाग की व्यवस्था की खुली पोल

आंधी के बाद तीन घंटे बिजली गुल ने लोगों की ली खूब खबर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 31 मई। शनिवार देर शाम को अचानक मौसम के करवट बदलने से लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली। तेज आंधी के साथ काफी देर तक बिजली भी गरजी। हल्की बूंदाबांदी के बाद शहर का अधिकांश इलाका अंधेर में डूब गया।  करीब 3 घंटे तक लोगों की बिजली गुल ने जमकर खबर ली। कहीं-कहीं अंधड़ चलने की खबर रही। हालांकि मौसम के बदले रूख से जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन कुछ देर चली आंधी ने विद्युत विभाग की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। अंधड़ चलते ही पारा तेजी से लुढक़ गया। अब जरा भी हवा चलने पर शहर की लाईट गुल हो रही है। शनिवार शाम को चली तेज हवाओं ने पूरे शहर की लाईट व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया था। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में भी लाइट गुल होने की लगातार जानकारी सामने आ रही है।

गर्मी के सीजन में उपभोक्ताओं को बिजली व्यवस्था के नाम पर पूरी तरह से रूला दिया है। दिन में भी सामान्य रूप से प्रतिदिन दो-चार बार विद्युत अवरोध होना सामान्य बात हो गई है, लेकिन जैसे ही हवा चली, लाइट का जाना तय हो गया है। शनिवार शाम तेज हवा चलने के कारण शहर के अधिकांश हिस्सों में लाईट गुल हो गई। बताया जा रहा है कि 33 केव्ही में कुछ गड़बड़ी आई थी। जिसके चलते लाइट गुल रही। ज्ञात हो कि मेन्टेनेंस के नाम पर भी लगातार लाईट बंद होने से उपभोक्ताओं को गर्मी और अंधेरे में रहना पड़ता है।

गौरवपथ में गिरे पेड़

शनिवार शाम को तेज हवाओं और अंधड़ के बीच गौरवपथ क्षेत्र में एक पेड़ टूटकर सडक़ पर गिर गए।  हालांकि इससे किसी को जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन टहनियों के सडक़ में होने से दुर्घटना की आंशका बनी हुई है। तेज अंधड़ और हवाओं के चलते शहर के अधिकांश हिस्सों में कचरे सडक़ों में बिखरे पड़े हैं। हालांकि आज रविवार होने की वजह से सडक़ों की सफाई नहीं होने से सडक़ों में कचरों की भरमार दिखाई दे रही है। इधर शहर के सर्विस रोड़ में पेड़ों के पत्तों और कचरे नजर आने लगे हैं।

 शीतला मंदिर गार्डन में लगी आग

शनिवार शाम तेज अंधड़ व हल्की बारिश के बीच  शहर के शीतला मंदिर के पास स्थित गार्डन में आग लगने की खबरें सामने आई। बताया गया कि आग देखते ही देखते गार्डन में लगे पेड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। पेड़ में से आग की ऊंची-ऊंची लपटे उठने लगी। जिससे गार्डन के समीप स्थित मकानों में रहने वालों की चिंता भी बढ़ गई थी। उधर सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


अन्य पोस्ट