राजनांदगांव
घातक हथियार, नक्सल विस्फोटक नष्ट
राजनांदगांव, 29 मई। छत्तीसगढ़ की नारायणपुर और महाराष्ट्र की संयुक्त फोर्स ने एक नक्सल ऑपरेशन में नारायणपुर जिले के काकूर से सटे अंतरराज्यीय सीमा पर नक्सलियों के हथियार बनाने की फैक्ट्री को जमींदोज करते बड़े पैमाने पर घातक हथियार व विस्फोटक बरामद किया है। फोर्स ने मौके पर बड़ी तादाद में जिंदा कारतूस भी जब्त किया है।
दरअसल दोनों जिले की पुलिस को काकूर से करीब 7 किमी दूर आत्मसमर्पित नक्सलियों द्वारा अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री संचालित करने की सूचना मिली थी। इसके बाद दोनों जिले की एक संयुक्त टीम ने गश्त करते जमीन में गढ़ाए हथियार व विस्फोटक जब्त किया। फोर्स ने मौके से 01 इंसास रायफल, 2 नग 12 बोर रायफल, 18 जिंदा कारतूस, 110 डेटोनेटर, 500 सेल, 7 बीजीएलए बैटरी, वायर समेत अन्य नक्सल सामान जब्त किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गढ़चिरौली जिले में माओवाद का पूरी तरह से सफाया हो चुका है और माओवादी आंदोलन लगभग समाप्त हो चुका है। माओवादी सुरक्षा बलों को धमकाने और हत्याएं करने के लिए विभिन्न प्रकार के हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल करते थे। अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र के दूरदराज के वन क्षेत्रों का फायदा उठाते माओवादियों ने इन सामग्रियों को तैयार किया और गुप्त रूप से वन क्षेत्रों में छिपा दिया। इनका इस्तेमाल विभिन्न नक्सली उत्सवों, चुनावों आदि के दौरान सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला करने किया जाता था। 23 मई 2026 को इसके खिलाफ की गई कार्रवाई के साथ-साथ गढ़चिरोली पुलिस बल ने 27 मई 2026 को एक और प्रभावी कार्रवाई करते माओवादियों द्वारा जंगल में छिपाई गई सामग्रियों को जब्त कर लिया है।
.jpeg )
जवानों की 7 टीमों ने चलाया अभियान
मिली जानकारी के अनुसार गढ़चिरौली पुलिस बल के समक्ष आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से गहन पूछताछ के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि माओवादियों ने महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित वन क्षेत्र में काकुर पोस्टे से 7 किमी दूर जिला नारायणपुर (छत्तीसगढ़) में हथियार और हथियार बनाने आवश्यक सामग्री छिपा रखी है। तदनुसार 26 मई 2026 को गढ़चिरौली पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में उक्त वन क्षेत्र में एक संयुक्त अंतर्राज्यीय अभियान चलाया गया।
इस विशेष अभियान टीम की 4 टीमें, नारायणपुर डीआरजी की 1 टीम और प्राणहिता बीडीडीएस की 2 टीमें तलाशी अभियान चलाने भेजी गई। 27 मई 2026 को काकुर पोस्ट जिला नारायणपुर में तलाशी अभियान चलाया गया। नारायणपुर से 7 किमी दूर स्थित वन क्षेत्र में टीमों द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान और बीडीडीएस टीमों द्वारा उक्त वन क्षेत्र के गहन निरीक्षण के दौरान गढ़चिरौली पुलिस बल ने भारी मात्रा में हथियार और हथियार बनाने की सामग्री जब्त करने में सफलता प्राप्त की है। जिसमें 1 इंसास रायफल, 2 सिंगल शॉट रायफल, 2 नग 12 बोर रायफल, एसएलआर रायफल के 2 जिंदा कारतूस, 303 रायफल के 12 जिंदा कारतूस, 12 बोर रायफल के 4 जिंदा कारतूस और 25 किलोग्राम आईईडी शामिल हैं। विस्फोटक, 2 क्लेमोर, 110 डेटोनेटर, कॉर्टेक्स तार, 500 से अधिक बीजीएल सेल और बीजीएल सेल बनाने की सामग्री, 7 बीजीएल लॉन्चर, 3 ट्यूब लॉन्चर, लोहे की छड़ें, 2 खराद मशीनें, 2 मोटर, ग्राइंडर मशीन, इन्वर्टर और बैटरी, तार का बंडल, सोलर प्लेट आदि शामिल है। घटनास्थल पर मिली माओवादी हथियार बनाने की सामग्री को टीम के जवानों ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।


