राजनांदगांव

वेतन के लिए तरस रहे एनएचएम कर्मी दो माह का तनख्वाह अटका, हड़ताल अवधि का भी नहीं हुआ भुगतान
28-May-2026 5:24 PM
वेतन के लिए तरस रहे एनएचएम कर्मी दो माह का तनख्वाह अटका, हड़ताल अवधि का भी नहीं हुआ भुगतान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 मई।
राजनांदगांव समेत समूचे छत्तीसगढ़ में कार्यरत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम ) के कर्मचारी वेतन के लिए तरस रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ माने जाने वाले यह कर्मी दो माह से वेतन का इंतजार कर रहे हैं। वहीं 33 दिवस के हड़ताल अवधि का भी भुगतान नहीं किया गया है। जबकि सरकार ने इस अवधि को शून्य घोषित कर दिया था।
यानी कर्मचारियों को हड़ताल अवधि का पारिश्रमिक देने पर सहमति बनी थी। राजनंादगांव जिले के कर्मचारियों की हालत काफी पतली हो गई है। परिवार का भरण-पोषण बच्चों के पढ़ाई और अन्य घरेलू आवश्यकताओं के लिए आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। एनएचएम कर्मचारियों में बीते साल 16 अगस्त 2025 से 19 सितंबर 2025 तक लंबा आंदोलन किया था। हड़ताल में जाने की वजह से सरकार ने मेहनताना देने से इन्कार कर दिया था।
हड़ताल समाप्ति के दौरान कर्मियों और सरकार में हड़ताल अवधि को शून्य घोषित कर भुगतान करने पर सहमति हुई थी। इस बीच राज्य सरकार की ओर से कर्मचारियों को नियमित वेतन नहीं देने से कर्मचारी आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहे हैं। बताया जा रहा है कि एनएचएम कर्मियों में स्टॉफ नर्स, लैब टेक्निशियन के अलावा सीएमएचओ कार्यालय में पदस्थ प्रमुख कर्मियों और मैदानी अमले को दो महीने का तनख्वाह नहीं दिया गया है। ऐसी स्थिति में स्वास्थ्य विभाग की बुनियादी ढांचा बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। एनएचएम कर्मियों में तनख्वाह की लेटलतीफी को लेकर आक्रोश भी है। कई बार संघ की ओर से विभागीय प्रमुखों को तय समय पर मासिक तनख्वाह देने की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया है, लेकिन आए दिन कर्मचारियों को वेतन के लिए तरसना पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट