राजनांदगांव

राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन में बम की अफवाह पर हर कोने की हुई जांच
28-May-2026 4:40 PM
राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन में बम की अफवाह पर हर कोने की हुई जांच

डीएफ, आरपीएफ-जीआरपी की टीम ने किया मॉकड्रिल
‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 28 मई।
राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन में बुधवार को एकाएक स्टेशन परिसर में सुरक्षा बलों की सरगर्मी तेज होने से उस वक्त खलबली मच गई, जब स्टेशन परिसर के हर कोने की पुलिस ने बम होने की जांच बतौर अभ्यास किया। बाद में पुलिस ने मॉकड्रिल के जरिये आपातकालीन स्थिति से निपटने इसे एक अभ्यास बताया।

डीएफ, आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त टुकड़ी ने पूरे स्टेशन परिसर का मुआयना किया। आपाताकालीन परिस्थिति में बचाव के लिए पुलिस ने मॉकड्रिल कर स्टेशन परिसर के हर कोने की सघन तरीके से जांच पड़ताल की। एएसपी कीर्तन राठौर के नेतृत्व में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया।  

पुलिस के अचानक धमाचौकड़ी के चलते स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों को भी बाद में मॉकड्रिल होने की जानकारी मिली, तब तक मुसाफिरों में हडक़ंप की स्थिति रही। रेल्वे स्टेशन परिसर में मौजूद फोर्स ने पहले मुम्बई से भुनेश्वर जाने वाली लोकमान्य तिलक स्पेशल ट्रेन एवं बिलासपुर-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की भी जांच की। जांच करते हुए जवानों ने ट्रेनों के कोच में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
संयुक्त मॉकड्रिल के दौरान स्टेशन परिसर में यात्रियों की खासी भीड़ थी। ऐसे में पुलिस ने मॉकड्रिल कर यात्रियों के अचानक बेहोश होने, संदिग्ध लावारिस बैग मिलने के अलावा भगदड़ मचने से निपटने को लेकर अभ्यास किया। आपातकालीन निकासी मार्ग और फुटओवरब्रिज के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित निकालने का भी अभ्यास किया गया। पूरे घटनाक्रम को शांतिपूर्वक और नियंत्रित तरीके से पूरा किया गया। मॉकड्रिल के दौरान अलग-अलग तरीकों से सुरक्षात्मक बिन्दुओं के आधार पर जवानों ने जांच पड़ताल की। मॉकड्रिल में पुलिस रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर, बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू, कोतवाली प्रभारी उपेन्द्र कुमार, लालबाग थाना प्रभारी रमेश पटेल, आरपीएफ प्रभारी तरूणा साहू, जीआरपी प्रभारी जनकलाल तिवारी, डॉग स्क्वाड, बीडीएस टीम एवं अन्य सुरक्षा अधिकारी
उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट