राजनांदगांव

सुशासन तिहार के माध्यम से ग्राम स्तर पर समस्याओं का निराकरण करें सुनिश्चित- रमन
19-May-2026 4:05 PM
सुशासन तिहार के माध्यम से ग्राम स्तर पर समस्याओं का निराकरण करें सुनिश्चित- रमन

खुटेरी में सीसी रोड निर्माण के लिए 15 लाख और मैदान समतलीकरण के लिए 5 लाख की घोषणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 मई।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सोमवार को विधानसभा निवास कार्यालय रायपुर से सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत खुटेरी जनसमस्या निवारण शिविर में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में 1 मई से सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य गांव स्तर तक पहुंचकर जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने शिविर में ग्राम पंचायत सरपंच द्वारा रखी गई मांगों पर ग्राम में सीसी रोड निर्माण के लिए 15 लाख रुपए तथा शा.पूर्व माध्यमिक शाला में मैदान समतलीकरण के लिए 5 लाख रुपए की स्वीकृति की घोषणा की।  इस अवसर पर सांसद संतोष पांडे नई दिल्ली से शिविर में वीडियों कॉफ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण एवं संसाधनों के सदुपयोग तथा आवश्यक ईंधन का कम से कम उपयोग करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं लगातार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुशासन तिहार के शिविरों से जुडक़र ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रायपुर प्रवास के दौरान जिले के 12 थानों के लिए 112 आपातकालीन सेवा के 12 नए वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही लगभग 65 लाख रुपए लागत का अत्याधुनिक फॉरेंसिक वाहन भी जिले को मिला है। जिससे घटनास्थल पर साक्ष्य एकत्रित करने में मदद मिलेगी और अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि खुटेरी क्लस्टर की 11 पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2024 से 2026 अंतर्गत 999 आवास स्वीकृत किए गए हैं। जिसमें 624 आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा 375 आवासों में से 332 आवास प्रगतिरत हैं। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने खुटेरी ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते बताया कि सामुदायिक भवन, कबीर कुटीर, मैदान समतलीकरण, मिनी स्टेडियम, साइकिल स्टैंड एवं सीसी रोड जैसे कार्य कराए गए हैं।

 डॉ. सिंह ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा चांदो नहर शिवनाथ डायवर्सन लाइनिंग कार्य 114 करोड़ 63 लाख रूपए की लागत से किया जा रहा है, जिससे 34 ग्राम पंचायतों को लाभ मिलेगा। जिनमें 20 पंचायते राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र की हैं। उन्होंने कहा कि मोखला-जंगलेश्वर एनीकट निर्माण के लिए 4 करोड़ 69 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। जिससे कटाव रोकने एवं जल संरक्षण में मदद मिलेगी। वहीं सोमनी से खुटेरी तक 68 करोड़ रूपए की लागत से सर्विस लेन निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

 इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, अध्यक्ष जनपद पंचायत प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य देवकुमार साहू, विधायक प्रतिनिधि  संतोष अग्रवाल, खूबचंद पारख,राजेन्द्र गोलछा, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, एसडीएम गौतम पाटिल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, 11  ग्राम पंचायतों के सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट