राजनांदगांव
कांग्रेस-भाजपा ने जारी की वार्ड प्रत्याशियों की सूची
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 मई। घुमका नगर पंचायत चुनाव का बिगुल बजते ही सियासी घमासान तेज हो गया। कांग्रेस-भाजपा ने वार्ड पार्षद उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी कर दी है। आगामी एक जून को चुनावी रण फतह करने के लिए दोनों राजनीतिक दलों को मतदान के दौर से गुजरना पड़ेगा। घुमका नगर पंचायत के गठन के पश्चात पहली बार मतदाताओं को अध्यक्ष व वार्ड पार्षद चुनने का मौका मिलने से उत्साह का माहौल है। कांग्रेस ने जहां पूर्व सरपंच फूलमती वर्मा को अपना अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं भाजपा ने अब तक अध्यक्ष पद के नाम का ऐलान नहीं किया है।
घुमका नगर पंचायत में जातिगत समीकरण के चलते अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस और भाजपा लोधी समाज से प्रत्याशी उतार सकते हैं। भाजपा ने वार्ड पार्षद पद के लिए 15 अधिकृत प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। वहीं विपक्षी कांग्रेस ने भी बैठक आयोजित कर देर शाम वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी की है।
ज्ञात हो कि पहली बार घुमका नगर पंचात में हो रहे चुनाव को लेकर दोनों राजनीतिक दल अपने कब्जे में करने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी है। गत् 11 मई से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया सोमवार को थम जाएगी। जिससे पहले शुक्रवार देर शाम को भाजपा ने अपने पार्षद प्रत्याशियों के नामों को फाइनल कर दिया है। वहीं कांग्रेस ने भी पार्षद प्रत्याशियों के नामों की पहली सूची जारी कर दी है।
घुमका नगर पंचाय के विभिन्न वार्डों के लिए मंथन के बाद भाजपा ने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। पार्टी ने इस बार नए और ऊर्जावान चेहरों के साथ-साथ पुराने अनुभवी कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताया है। स्थानीय स्तर पर जातिगत और सामाजिक समीकरणों के चलते टिकटों का वितरण किया है। वहीं कांग्रेस ने भी जातिगत समीकरण को मद्देनजर रखते प्रत्याशी चयन किया है। इधर भाजपा से चुनाव संचालक मधुसूदन यादव के नेतृत्व में क्षेत्र के पूर्व विधायकों को प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कांग्रेस ने भी प्रत्याशी चयन की कवायद के साथ-साथ घुमका में भी चुनावी प्रचार का आगाज किया है।
भाजपा ने घोषित की वार्ड प्रत्याशियों की सूची
घुमका नगर पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने पार्षद पद के लिए वार्ड नं. 1 से इंद्राबाई वर्मा, 2 से किशन सिंह चंदेल, 3 से देवेन्द्र बघेल, 4 से शैलेन्द्र वर्मा, 5 से रूपनारायण साहू, 6 से दिलीप पटेल, 7 से गोबिंदा यादव, 8 से बहलराम वर्मा, 9 से निशा वर्मा, 10 से रोशन वर्मा, 11 से खिलेश यादव, 12 से सुनिता गंगेश्वर वर्मा, 13 से लोकेश्वरी पात्रे, 14 से आलोक कुमार भारती एवं 15 से रूखमणी वर्मा को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है।
कांग्रेस ने घोषित की वार्ड प्रत्याशियों की सूची
नगर पंचायत चुनाव के लिए कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी कर दी है। जिसमें वार्ड क्र. 1 से योगिता पटेल, 2 से गौरव वर्मा, 3 से कुमार बघेल, 4 से कोमल यदु, 5 से पीताम्बर निषाद, 6 से रामचंद्र वर्मा, 7 से दानीराम वर्मा, 8 से लोचन निर्मलकर, 9 से उषा वर्मा, 10 से नम्मू यादव, 11 से डिलेश्वर वर्मा, 12 से पुष्पा पटेल, 13 से शबाना खान, 14 से कमल बंजारे और 15 से बबीता वर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है।


