राजनांदगांव

जवान के वृद्ध माता-पिता से 11 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार
14-May-2026 4:16 PM
जवान के वृद्ध माता-पिता से 11 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 मई
। मृत एसएसबी जवान के वृद्ध माता-पिता से 11 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते 24 घंटे के भीतर आरोपी को जेल भेज दिया। बताया गया कि अधिकारियों को पैसा देने का झांसा देकर वृद्ध दंपत्ति से धोखाधड़ी की थी।  तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा और एक लाख रुपए जब्त किया।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने बसंतपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उनका पुत्र वरूण कुमार साहू 32 वर्ष सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) में पदस्थ तथा तथा जम्मू कश्मीर में तैनात था। 12 सितंबर 2025 को अवकाश के दौरान ग्राम कोकपुर बरैठटोला के पास सडक़ दुर्घटना में उसकी मृत्यु हो गई थी। मृतक जवान की मृत्यु उपरांत विभागीय सहायता राशि के रूप में प्रार्थी के खाते में 10 लाख रुपए एवं उनकी पत्नी के खाते में 19.25 लाख रुपए जमा हुए थे।
इसी दौरान मृतक के साडू भाई योगराज साहू द्वारा वृद्ध माता-पिता को विश्वास में लेकर राजनांदगांव बैंक लाया गया तथा उनके खातों से कुल 15 लाख रुपए निकलवाए गए। आरोपी ने एसएसबी अधिकारियों एवं बैंक कर्मचारियों को पैसा देने का झांसा देकर 11 लाख रुपए अपने पास रख लिया तथा केवल 4 लाख रुपए वापस किया। इस प्रकार आरोपी द्वारा वृद्ध दंपत्ति के साथ 11 लाख रुपए की धोखाधड़ी किया जाना पाए जाने पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 219/2026 धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम द्वारा लगातार पतासाजी एवं संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। आरोपी द्वारा लगातार ठिकाना बदलने की जानकारी मिलने पर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी योगराज साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से 1 लाख रुपए नगद जब्त कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट