राजनांदगांव
शासकीय दुकान में देशी-विदेशी शराब का टोटा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 मई। सुशासन तिहार में नागरिकों की ओर से मिल रहे आवेदनों और मांगों ने शासन-प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी है। गुरुवार को मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले में नगरीय निकाय को सुशासन तिहार के पहले शिविर में मिले नौकरी दिलाने एवं अच्छी शराब दिलाने व शासकीय शराब दुकान से नियमित शराब दिलाने की मांगों ने नगर पंचायत को परेशानियों में डाल दिया है। सुषासन तिहार के अंतर्गत नगरीय निकाय क्षेत्र में तीन शिविरों का आयोजन प्रस्तावित है। पहला शिविर गुरुवार को मंगल भवन में सम्पन्न हुआ। जबकि दूसरा शिविर 19 मई को टाउन हाल में एवं तीसरा शिविर 10 जून को मंडी प्रांगण में होना तय है।
सुशासन तिहार के पहले शिविर में नितिन दुबे ने शिकायत की है कि शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में ऐसी शराब मिल रही है जिसके सेवन से मद्यप्रेमियों की तबीयत बिगड़ रही है। देशी व अंग्रेजी दोनों पीने से उल्टी-दस्त हो रही है। शिकायत यह भी है कि शराब दुकान में पिछले एक माह से देशी शराब दुकान में लोगों को शेरा, शोले, यूनिक व रोमियो बांड की शराब नहीं मिल रही है और अंग्रेजी शराब दुकान में प्रचलित बं्राड गोवा, आरएस, आल सीजन, सिगनेचर, 8 पीएम ब्रांड की शराब नहीं मिल रही है। नए-नए बं्राड के सेवन से लोगों की सेहत खराब हो रही है। शराब दुकान में फ्रीजर होने के बाद भी लोगों को गर्म बीयर दिया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शासन स्थानीय शासकीय शराब दुकान में मांग के अनुरूप शराब की आपूर्ति नहीं कर पा रहा है।
बताया गया कि देशी शराब दुकान में शासन की ओर से जब सप्लाई आती है, वह कुछ घंटे में खत्म हो जाती है। जबकि अंग्रेजी शराब दुकान में आने वाली सप्लाई एक दिन में ही खत्म हो जा रही है।


