राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 मई। जिले के नेशनल हाईवे और ग्रामीण इलाकों में दो पहिया वाहन चेंकिग की आड़ में वसूली का आरोप लगाते गुजरी रात को तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी प्रभारी दीपक पटेल पर जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव बरस पड़े। यादव ने खुले रूप में चौकी प्रभारी पर बेवजह ग्रामीणों को परेशान करने व जांच के नाम पर वसूली करने का आरोप लगाया।
मिली जानकारी के अनुसार जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव को पुलिस द्वारा अनावश्यक परेशान करने व वाहन जांच के नाम पर वूसली करने की ग्रामीणों ने शिकायत की। बताया जा रहा है कि तुमड़ीबोड-डोंगरगढ़ मार्ग में बीती रात शाम को पुलिस ने वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान खेतों से घर लौट रहे लोगों को भी पुलिस ने रोका। मजदूरों द्वारा खेत से लौटने की जानकारी देते हुए पुलिस को जानकारी दी। लेकिन चौकी प्रभारी अपने दलबल के साथ जांच करने के दौरान लाईसेंस और अन्य वाहन संबंधी दस्तावेज मांगे। इसी बात को लेकर ग्रामीणों की पुलिस से बहस हुई।
थोड़ी देर में पुलिस कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव भी मौके पर पहुंचे।
बताया जाता है कि पुलिस के रवैये को लेकर यादव ने प्रभारी को काफी खरी-खरी सुनाई। पुलिस पर कही भी वाहन जांच प्वाइंट लगाने पर यादव सख्त ऐतराज जताया। यादव ने प्रभारी को ग्रामीणों को तंग नही करने की बात कही। अन्यथा पुलिस के खिलाफ धरने पर बैठने की चेतावनी दी। इधर पुलिस पर लगे आरोपों को लेकर प्रभारी श्री पटेल ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है। पुलिस यातायात नियमों का पालन नही करने वालों को समझाईश देने के साथ कार्रवाई कर रही है। उधर पूरे मामलें को लेकर पुलिस पर वूसली का आरोप लगा है। राजनांदगांव पुलिस यातायात नियमों को लेकर सख्ती दिखा रही लेकिन कुछ इलाको में वसूली के आरोप लगा है।


