राजनांदगांव

करमतरा स्कूल का 10वीं में 90 और 12वीं में 92 प्रतिशत परिणाम
01-May-2026 5:04 PM
करमतरा स्कूल का 10वीं में 90 और 12वीं में 92 प्रतिशत परिणाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 मई।
माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा घोषित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में शासकीय किसान उच्चतर माध्यमिक शाला करमतरा ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता साबित की है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विद्यालय का परिणाम बेहद सराहनीय रहा। जिसने क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाई दी है। जारी परिणाम के अनुसार कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 90.24 प्रतिशत तथा कक्षा 12वीं का 92 प्रतिशत रहा। यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की मेहनत, बल्कि शिक्षकों के समर्पण और सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय के प्राचार्य राजेश शर्मा ने बताया कि इस सफलता के पीछे विषय शिक्षकों द्वारा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान, नियमित प्रोत्साहन और जिला शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ऑनलाइन कक्षाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कक्षा 10वीं में कुल 41 विद्यार्थियों में से 20 ने प्रथम, 15 ने द्वितीय और 3 ने तृतीय श्रेणी में सफलता हासिल की। जबकि 4 विद्यार्थी असफल रहे। वहीं कक्षा 12वीं में 37 विद्यार्थियों में से 22 प्रथम और 12 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। जबकि 3 विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा का अवसर मिला।
मेधावी विद्यार्थियों में कक्षा 10वीं की छात्रा  मेनिका ने 84 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि संध्या ने 83.5 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 12वीं में चेतनदास ने 90.2 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं देविका 87.2 प्रतिशत अंक लाकर द्वितीय स्थान पर रहीं।


अन्य पोस्ट