राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 अप्रैल। भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि मातृशक्ति का अपमान का बदला देश की महिलाएं अपनी प्रतिभा से लेगी।
श्री राजपूत ने कहा कि देश की आधी आबादी माता-बहनों को देश के विकास में सहभागी बनाने और लोकसभा व विधानसभाओं में उनका 33 प्रतिशत नेतृत्व सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नारी शक्ति वन्दन (संशोधन) अधिनियम लाया गया था और संसद के विशेष सत्र में उस पर चर्चा की गई। 16 से 18 अप्रैल तक आहूत संसद के सत्र से पहले एक बहुत अच्छा वातावरण पूरे देश व प्रदेश में था। देशभर की मातृशक्ति में इस अधिनियम को लेकर काफी उमंग व उत्साह का वातावरण था।
श्री राजपूत ने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वन्दन अधिनियम को लेकर कांग्रेस के नकारात्मक रवैए और काली करतूत के चलते 17 अप्रैल की तारीख एक काले अध्याय के रूप दर्ज हो गई है। कांग्रेस ने महिला आरक्षण का विरोध करके देश की महिलाओं का अपमान किया है और देश की महिलाएं अपने इस अपमान को सदैव याद रखकर कांग्रेस को सबक सिखाएंगी।


