राजनांदगांव

पुराने सिक्के-नोट बदलने का झांसा देकर 12 लाख की ठगी
18-Apr-2026 3:44 PM
पुराने सिक्के-नोट बदलने का झांसा देकर 12 लाख की ठगी

खैरागढ़ पुलिस ने हरियाणा से अंतरराज्जीय मास्टरमाइंड को  पकड़ा
‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अप्रैल।
खैरागढ़ पुलिस ने पुराने-नोट को बदलने का झांसा देकर एक व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी करने के मामले में हरियाणा से एक अंतरराज्जीय ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम मोहम्मद जाहिर है। वह एक पेशेवर ठग गिरोह को सरगना है। पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी के लिए प्रयुक्त मोबाईल और नगद  भी जब्त किया  है। पिछले दिनों छुईखदान क्षेत्र के पदमावतीपुर के रहने वाले एक ग्रामीण ने ठगी को लेकर पुलिस से शिकायत की थी। एसपी लक्ष्य शर्मा ने एक टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की।

मिली जानकारी के अनुसार पदमावतीपुर के रहने वाले नेताराम देंवागन को उसके मोबाईल में वाट्सअप कॉल में पुराने सिक्के और नोट बदलने पर लाखो रूपए मिलने से जुड़ा एक संदेश मिला। इसके बाद शिकायतकर्ता ने प्रलोभन में आकर 5 रूपए का एक पुराना नोट भेजा, जिसके बदले में उसे 37 लाख 94 हजार देने का झांसा दिया गया। इसके बाद पीडि़त को प्रोसेसिंग फीस व कस्टम फीस के अलावा अन्य के नाम पर अलग-अलग बैंक से खातों में पैसे ट्रांसफर कराया गया।
ठगों की बातों में फंसे शिकायतकर्ता ने इस तरह 11 लाख 70 हजार रूपए ऐंठ लिए। बाद में प्रार्थी को धोखाधड़ी होने का अहसास और वह पुलिस से न्याय की गुहार लगाने पहुंचा। पुलिस ने साईबर टीम के साथ मामले की छानबीन शुरू की।  जांच में करीब 20 बैंक खातों एवं 30-40 सिम कार्ड का उपयोग होना पाया गया। इसके बाद  पुलिस ने आरोपी मोहम्मद जाहिर को हरियाणा के मेवात शहर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने लोगों से ऐसे मामलो में सावधानी बरतने की अपील की है।

 ठगी करने का तरीका
पुलिस ने बताया कि ठगी करने के लिए आरोपी सोशल मीडिया के जरिये विज्ञापन देकर लोगों को फांसने का काम करते थे।  रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर पैसे लेना, नगदी के बंडल के फर्जी वीडियो दिखाना, डिलीवरी एवं पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर अतिरिक्त पैसे भी वसूलते थे। पुलिस ने आरोपियों के द्वारा जालसाजी के तरीकों को लेकर लोगों को आगाह किया है।


अन्य पोस्ट