राजनांदगांव

धूमधाम से मना सिंधी भाषा दिवस, संस्कृति संरक्षण पर जोर
12-Apr-2026 3:52 PM
धूमधाम से मना सिंधी भाषा दिवस, संस्कृति संरक्षण पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 अप्रैल।
सिंधी भाषा दिवस के अवसर पर शहर में रिद्धी-सिद्धी सिंधी परिवार एवं भारतीय सिंधु सभा महिला विंग के तत्वावधान में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिंधी भाषा, संस्कृति और उसके संरक्षण को लेकर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। सिंधी गायन, मुहावरे एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को समाज के वरिष्ठजनों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधी पंचायत हेमू कलाणी नगर के अध्यक्ष मनु मल मोटलानी ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी धीरे-धीरे सिंधी भाषा से दूर होती जा रही है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी भाषा और संस्कृति से जोडऩा समय की आवश्यकता है। वहीं अधिवक्ता रमेश गंगवानी ने बताया कि 10 अप्रैल 1967 को सिंधी भाषा को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया था।
 इसी ऐतिहासिक महत्व के कारण हर वर्ष इस दिन को सिंधी भाषा दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक सिंधी व्यंजनों—पुलाव, चावल, खीर और पुड़ी—का भी आनंद लिया गया। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, महिला सदस्य एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट