राजनांदगांव

बैठक में गूंजा क्षेत्र की समस्याओं का मुद्दा
10-Apr-2026 4:17 PM
बैठक में गूंजा क्षेत्र की समस्याओं का मुद्दा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अप्रैल।
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक में अंबागढ़ चौकी नगर एवं क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रखरता से आवाज उठी। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने नगर विकास से जुड़े मुद्दों के अलावा शासन से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में विशेषकर खाद्य वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं  स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं में बरती जा रही लापरवाही एवं आम जनता को हो रही परेशानियों के मामलो में निराकरण के लिए त्वरित कदम उठाने की मांग रखी।  

सोमवार को नवीन जिला के जिला कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सांसद संतोष पांडे ने की। बैठक में मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी,  खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह सहित जिले के तीनों जनपद पंचायत के अध्यक्ष तथा दिशा समिति के अन्य नामांकित सदस्य राजू टांडिया, आशीष द्विवेदी सहित अन्य शामिल हुए।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में ढाई घंटे चली  बैठक में कलेक्टर तुलिका प्रजापति, एसपी वाईपी सिंह, डीएफओ दिनेश  पटेल, जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारीगण शामिल हुए। बैठक में विभागवार योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थितियों की समीक्षा की गई।  बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने नगर एवं अंबागढ़ चौकी ब्लॉक के प्रमुख समस्याओं को सामने रखते  जिला प्रशासन एवं सांसद से इसके निरकारण की मांग रखी।


अन्य पोस्ट