राजनांदगांव
नपं अध्यक्ष ने प्रमुख सचिव से की भेंट, नगर विकास से जुड़े कार्यों पर की चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 अप्रैल। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने नगरीय निकाय अंबागढ़ चौकी में मूलभूत सुविधाओं के विकास तथा निकाय के राजस्व वृद्धि से जुड़े विभिन्न कार्यों की मंजूरी देने की मांग को लेकर नगरीय प्रशासन विकास विभाग के सचिव से भेंट कर चर्चा की। विभाग के सचिव ने प्राथमिकता से जुड़ी कार्यों की जल्द स्वीकृति देने नगर अध्यक्ष को भरोसा दिलाया।
नपं अध्यक्ष श्री मानिकपुरी ने राजधानी रायपुर में गुरुवार को मंत्रालय में नगरीय प्रशासन विकास विभाग के प्रमुख सचिव बसव राजू से भेंटकर नगर विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर विभाग की ओर से अपेक्षित सहयोग दिलाने की मांग की। विभाग के प्रमुख सचिव श्री राजू ने नपं अध्यक्ष को राजस्व वृद्धि तथा मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी देने का भरोसा दिलाया।
नपं अध्यक्ष श्री मानिकपुरी ने नगरीय प्रशासन विकास विभाग के प्रमुख सचिव को बताया कि निकाय क्षेत्र में सैकड़ों मकान व भवन ऐसे हैं, जो बिना अनुमति निर्माण हुए हैं, क्योंकि यहां पिछले 6 वर्षों से डायवर्सन हो नहीं रहा है। ऐसे में मकान व भवन मालिक निकाय से सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं तो प्राप्त कर रहे हैं, लेकिन बिना अनुमति एवं आदिवासी की भूमि पर गैर आदिवासी द्वारा बिना पंजीकृत आधार पर बनाए गए मकानों का हम टैक्स भी नहीं ले पा रहे हैं। इसी तरह आबादी जमीन में काबिज एवं निवासरत लोगों के मकानों से हम टैक्स नहीं ले पा रहे है। जिससे निकाय एवं शासन दोनों के राजस्व की क्षति हो रही है।
श्री मानिकपुरी ने नगरीय निकाय की आय में वृद्धि तथा निकाय को आत्मनिर्भर बनाने नगर के विभिन्न स्थानों में मुख्य मार्गों से लगे एरिया में शॉपिंग काम्प्लेक्स निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने प्रमुख सचिव को नगर में नया बस स्टैंड में चौकी-चिल्हाटी मुख्य मार्ग में परमेश्वरी नगर के समीप सडक़ किनारे एवं प्रचलित वर्तमान बस स्टैंड में वन विभाग से प्राप्त जमीन पर शॉपिंग काम्प्लेक्स निर्माण तथा इसी तरह वार्ड 5 में टाउन हाल के समीप तथा वार्ड 4 में कोषालय के समीप काम्प्लेक्स निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।


