राजनांदगांव

गुमशुदा बालक को पुलिस ने ढूंढकर परिजनों को किया सुपुर्द
06-Apr-2026 4:58 PM
गुमशुदा बालक को पुलिस ने ढूंढकर परिजनों को किया सुपुर्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 अप्रैल।
गुमशुदा बालक को कोतवाली पुलिस ने सुरक्षित ढूंढकर परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस की तत्परता से 15 वर्षीय बालक के माता-पिता के चेहरे पर मुस्कान लौटी।
मिली जानकारी के अनुसार एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक एलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में गुमशुदा व्यक्तियों की दस्तयाबी एवं सामाजिक सरोकार के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली को सूचना प्राप्त हुई कि डोंगरगांव थाना क्षेत्र का एक बालक 15 वर्ष जो अपने घर से बिना बताए कहीं चला गया था, लापता है। बालक के परिजनों की चिंता और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल बालक की पतासाजी शुरू की गई।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने सक्रियता दिखाते अलग-अलग दिशाओं में तलाश प्रारंभ की।  तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज एवं स्थानीय मुखबिरों  की सहायता से अथक प्रयास करते गुमशुदा बालक को रेलवे स्टेशन राजनांदगांव के पास से सुरक्षित दस्तयाब (बरामद) करने में सफलता प्राप्त की।
 बालक के मिलने के पश्चात उसके माता-पिता  को थाना बुलाकर आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण की गईं। बालक को सकुशल पाकर माता-पिता भावुक हो गए और उन्होंने राजनांदगांव पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट