राजनांदगांव
खाद्य वस्तुओं की कीमतों में उछाल, आर्थिक और कूटनीतिक नीतियों पर कांगे्रस ने उठाए सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 अप्रैल। कांग्रेस ने केंद्र सरकार की आर्थिक और कूटनीतिक नीतियों पर सवाल उठाते कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से महंगाई बढ़ी और आम जनता पर इसका सीधा असर पड़ा। साथ ही कामर्शियल और घरेलू गैस, पेट्रोल-डीजल से लेकर खाद्य वस्तुओं तक कीमतों में भारी उछाल आया।
शुक्रवार को प्रेस क्लब राजनांदगांव में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव ने केंद्र की भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से नरेन्द्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। जिससे आम जनता का जीवन मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के गलत आर्थिक फैसलों के चलते आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर गहरा असर पड़ा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कामर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपए की वृद्धि की गई है। जबकि पिछले तीन महीनों में ही इसमें 525 रुपए की बढ़ोत्तरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में भी पिछले सप्ताह 62 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है। पहले भाजपा 400 रुपए के गैस सिलेंडर को महंगा बताती थी, लेकिन आज वही कीमत 900 से 1000 रुपए तक पहुंच गई है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।
श्री यादव ने कहा कि सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर राहत देने का दावा किया, लेकिन वास्तविकता में पेट्रोल के दाम फिर बढ़ गए हैं। कुछ स्थानों पर यह वृद्धि 4 रुपए तक दर्ज की गई है। वहीं एविएशन फ्यूल महंगा होने से हवाई यात्रा भी आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते उन्होंने कहा कि खाद्य तेल, दूध, मावा और राशन सामग्री के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि खाद्य तेल, जिसे 70 रुपए प्रति लीटर तक पहुंचने में वर्षों लगे, वह अब 200 रुपए के पार हो चुका है। पत्रकारवार्ता में अनीस खान, रमेश डाकलिया, हेमू सोनी, पंकज बांधव, धनेश पाटिला, थानेश्वर पाटिला, श्रीकिशन खंडेलवाल, राहुल तिवारी, कमलजीत पिंटू और अमित अग्रवाल शामिल थे।


