राजनांदगांव

शत-प्रतिशत वसूली का लक्ष्य लेकर करें कार्य, आयुक्त ने ली राजस्व विभाग की बैठक
03-Apr-2026 4:59 PM
शत-प्रतिशत वसूली का लक्ष्य लेकर करें कार्य, आयुक्त ने ली राजस्व विभाग की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अप्रैल।
 नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बुधवार को  राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर इस वित्तीय वर्ष में डिमांड को दुरूस्त कर प्रारंभिक माह से ही शत-प्रतिशत वसूली का लक्ष्य लेकर कार्य करने के निर्देश सभी राजस्व उप निरीक्षकों व सहायक राजस्व निरीक्षको को दिए।

आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने कहा कि गत वित्तीय वर्ष की वसूली के लिए राज्य शासन ने 30 अपै्रल 2026 तक छूट प्रदान किए हैं। छूट के अनुसार करदाताओं से सम्पर्क कर बकाया वसूली करना सुनिश्चित करें एवं उन्हें छूट का लाभ दें। साथ ही इस वित्तीय वर्ष में मई माह से ही डिमांड के विरूद्ध वसूली करें। उन्होंने कहा कि गत वित्तीय वर्ष में 78 प्रतिशत वसूली हुई है, जो कि कम है। शासन ने एक माह छूट प्रदान की है। जिसकी जानकारी करदाताओ को देकर वसूली बढ़ाकर शत-प्रतिशत वसूली करना सुनिश्चित करें। राजस्व क्षति सबसे गंभीर मामला होता है, इसलिए राजस्व वसूली में कोताही नहीं बरतनी है। वसूली में जो लापरवाही बरतेगा उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने कहा कि वित्तीय वर्ष के प्रारंभ से ही मेहनत करें, घर-घर जाकर वसूली करना सुनिश्चित करें। इस वर्ष के डिमांड दुरूस्त कर डिमांड के अनुरूप वसूली करें। कुछ वार्ड प्रभारियों द्वारा गत वर्ष की वसूली में बहुत मेहनत कर अच्छी वसूली लाएं, किन्तु कुछ लोगों की वसूली बहुत कम थी। एसआईआर के अलावा वित्तीय वर्ष के अंतिम माह में जनगणना कार्य भी आया है, लेकिन प्रभारित वार्ड में ही उक्त कार्य किया गया, इसलिए वसूली ज्यादा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में सभी को शुरू से मेहनत कर लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व वसूली करना है।

उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में शासन के नए निर्धारण के आधार पर वसूली करना है। इस आधार पर डिमांड तैयार करे, करदाताओ से विवरणी भरावे, मई माह से ही प्लान तैयार कर एवं लक्ष्य निर्धारित कर वसूली करना सुनिश्चित करें। क्यूआर कोड से वसूली करें तथा आगामी माह से ऑनलाइन वसूली की भी तैयारी रखे, जिससे करदाता को सुविधा मिलेगी और वे अपने करो का भुगतान करेंगे। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष के लिए नवनिर्मित मकानों व कालोनियों की भवन नजूल विभाग से जानकारी लेकर करारोपण करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने दुकान किराया, मुख्यमंत्री स्वालंबन योजना दुकान किराया,अटल आवास योजना के किराये की प्रतिमाह वसूली के निर्देश दिए, जिन दुकानदारों  द्वारा कई माह का किराया नहीं दिया गया है, उनसे सम्पर्क कर वसूली के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष के लिए मई माह से ही नियमित रूप से सम्पत्तिकर, जलकर, समेकितकर सहित दुकान किराया वसूलना सुनिश्चि करें। शासन द्वारा निर्धारित छूट के बारे में जानकारी दें।  जिससे नागरिक अपने संपत्तिकर का भुगतान कर छूट का लाभ ले सके।
बैठक में राजेश तिवारी ने नए वित्तीय वर्ष में शासन द्वारा निर्धारित दर के संबंध में जानकारी देकर वार्डवार वसूली की जानकारी दी। बैठक में राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक व सहायक राजस्व निरीक्षक उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट