राजनांदगांव
महापौर ने ली दुकानदारों की बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अप्रैल। निगम स्वामित्व की जीई रोड एवं कस्तुरबा महिला मंडल रोड में निर्मित दुकानों के जीर्णोद्धार के लिए गुरुवार को महापौर मधुसूदन यादव ने अपने कक्ष में दुकानदारों की बैठक बुलाई। बैठक में दुकानों की नई ड्राईग डिजाईन अवलोकन व लागत राशि तथा प्रीमियम आदि के संबंध में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, नगर निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह, प्र.कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम तथा राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी की उपस्थिति में दुकानदारों से चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि निगम स्वामित्व की पुरानी व्यवायिक परिसरों में जीई रोड में निर्मित 38 दुकाने तथा कस्तूरबा महिला मंडल रोड में निर्मित 18 दुकाने जर्जर स्थिति में आ गई है। जिसका जीर्णोद्वार कर शासन गाईड लाइन के अनुसार पुन: व्यवस्थापन के लिए महापौर श्री यादव ने सप्ताह पूर्व दुकानदारों की बैठक बुलाकर चर्चा की थी। चर्चा के दौरान दुकानदारों द्वारा बनाई जाने वाली दुकानों की ड्राईग डिजाईन एवं प्राक्कलन तैयार कर अवगत कराने सहमति बनी थी। इसी परिप्रेक्ष्य में महापौर ने गुरुवार को पुन: दुकानदारों की बैठक बुलाकर चर्चा की।
महापौर श्री यादव द्वारा जीई रोड एवं कस्तूरबा महिला मंडल रोड के दुकानों का ड्राईग डिजाईन दिखाकर दुकानों की साईज, पार्किंग आदि के संबंध में चर्चा की गई। उन्होंने ड्राईग डिजाईन अनुसार लागत राशि एवं वर्तमान प्रचलित कलेक्टर दर से ली जाने वाली प्रीमियम राशि से अवगत कराया। दुकानदारों द्वारा प्रस्तुत नई ड्राईग डिजाईन में कुछ परिवर्तन किए जाने का सुझाव दिया गया, जिसे महापौर द्वारा स्वीकार करते पुन: प्राक्कलन तैयार कर प्राक्कलन अनुसार दर निर्धारित कर पुन: बैठक बुलाकर चर्चा किए जाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि दुकानदारों की आर्थिक स्थिति को देखते लागत राशि का भुगतान किस्तों में लिया जाएगा। साथ ही लीज अवधि बढ़ाने के लिए दुकानदारों से आवेदन लेकर कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक के पूर्व में नगर निगम आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने जीई रोड में निर्मित 38 दुकानों एवं कस्तूरबा महिला मंडल रोड में निर्मित 18 दुकानों की साईज, बरांडा तथा पार्किंग स्थल के संबंध में ड्राईग डिजाईन अनुसार जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चर्चा अनुसार दुकानें निगम की ओर पीछे से बनाई जाएगी और कलेक्टर गाईड लाईन के अनुसार प्रीमियम का निर्धारण किया जाएगा। बैठक में दोनों ओर के दुकानदार उपस्थित थे।


