राजनांदगांव
अब तक 4 जिलों के हजारों परिवार लाभान्वित, 30 जून तक आवेदन की अंतिम तिथि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अप्रैल। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 के अंतर्गत राजनांदगांव क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और किसानों को बिजली बिलों के बोझ से मुक्त करने का अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
इस योजना के तहत राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिलों के कुल 12,519 उपभोक्ताओं को अब तक मूल बकाया राशि और अधिभार (सरचार्ज) में भारी छूट का लाभ प्रदान किया जा चुका है। समाधान योजना का मुख्य उद्देश्य गरीबी रेखा के नीचे (बीपीएल) जीवनयापन करने वाले निम्नदाब घरेलू उपभोक्ताओं और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाना है। इस पहल से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी, बल्कि बकाया बिलों के कारण रुकी हुई बिजली सेवाओं को पुन: सुचारू करने में भी मदद मिल रही है।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से अब तक चारों जिलों में बड़ी संख्या में लोग जुड़ चुके हैं। जिसमें कबीरधाम जिला 9143 उपभोक्ता, राजनांदगांव जिला 1570 उपभोक्ता, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 1081 उपभोक्ता एवं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 725 उपभोक्ता शामिल हैं। विद्युत विभाग द्वारा इस योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए 4 जिलों के 66 वितरण केंद्रों में विशेष समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही विभाग की टीमें घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को योजना की पात्रता और छूट की प्रक्रिया के बारे में जागरूक कर रही है। विभाग का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पात्र उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करना है।
राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। उपभोक्ता अपने नजदीकी विद्युत वितरण केंद्र या विभाग द्वारा विशेष रूप से आयोजित शिविरों में संपर्क कर अपना समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
यह योजना उन उपभोक्ताओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है, जो पुराने बिजली बिलों के कारण आर्थिक दबाव महसूस कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक लोग शिविरों में पहुंचकर अपनी बकाया राशि का निपटारा करें और भविष्य में निर्बाध बिजली सेवा का लाभ उठाएं।


