राजनांदगांव
मोहला बस स्टैंड में मामूली विवाद पर चालक की हत्या
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 मार्च। मोहला-मानपुर जिले के मुख्यालय मोहला बस स्टैंड में एक मामूली विवाद में बस चालक की पीट-पीटकर हत्या के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानलेवा हमले में मौत होने की घटना में शामिल आधा दर्जन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बस को सामने से हटाने की बात को लेकर हुए विवाद पर आरोपियों ने चालक की बेदम पिटाई। जिससे उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक भारत ट्रेवल्स के बस चालक कमलेश भुआर्य का 20 मार्च की रात मोहला बस स्टैंड में बस को सामने से हटाने के नाम पर मामूली विवाद हुआ। इस दौरान इजराईल खान, सोमेश रावटे नामक युवकों ने चालक को पीटा। कुछ देर में आसपास मौजूद लोगों की दखल के बाद विवाद खत्म हो गया। इसके बाद बस चालक कमलेश भुआर्य अपने बस में जाकर सोने लगा। कुछ देर बाद फिर 5-6 लोगों को लेकर इजराईल खान विवाद करने के लिए चालक के पास पहुंचा और थोडी देर में सोनू, प्रवीण एवं कमलेश धावड़े ने चालक की पिटाई शुरू कर दी।
आरोपियों ने हाथ-मुक्का, लात और बेल्ट से बेदम चालक को पीटा। घायल हालत में उसे मोहला बस स्टैंड में ही छोड़ दिया। सुबह जब ड्राईवर बस से राजनांदगांव के लिए निकला तभी रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ी। गंभीर हालत में उसे राजनांदगांव रिफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपियों के हमले से चालक को अंदरूनी चोट पहुंची थी। 25 मार्च को उसकी मौत की खबर से गांव के लोग सडक़ पर उतर गए। शव के साथ चक्काजाम करने से स्टेट हाईवे काफी देर तक बंद रहा। पुलिस अफसरों के आश्वासन और समझाईश के बाद चक्काजाम खत्म हुआ। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


