राजनांदगांव

समाधान योजना के तहत सभी पात्र उपभोक्ताओं को लाभ दिलाना ही पहली प्राथमिकता - कंवर
25-Mar-2026 3:58 PM
समाधान योजना के तहत सभी पात्र उपभोक्ताओं को लाभ दिलाना ही पहली प्राथमिकता - कंवर

प्रबंध निदेशक ने आयोजित शिविर का लिया जायजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 मार्च।
छत्तीसगढ़ पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर द्वारा मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना (एमबीबीएस) के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राजनांदगांव जिले में आयोजित शिविरों का औचक निरीक्षण किया गया। प्रबंध निदेशक श्री कंवर ने समाजसेवी नीरज बाजपेयी के साथ ग्राम बोरी में आयोजित शिविर में उपस्थित बिजली उपभोक्ताओं को योजना के लाभ और पात्रता की विस्तृत जानकारी साझा की।
शिविर में समाधान योजना के तहत बीपीएल, निम्नदाब घरेलू और अशासकीय कृषि श्रेणी के कुल 13 हितग्राहियों का त्वरित पंजीयन किया गया। एमडी श्री कंवर ने शिविर स्थल पर योजना के तहत पंजीकृत उपभोक्ता को किस्तों में बकाया राशि भुगतान की सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दरमियान उनके द्वारा पीएम सूर्य पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं समाधान योजना के हितग्राहियों को प्रमाण देकर सम्मानित किया गया। प्रबंध निदेशक श्री कंवर ने कहा कि इस योजना के तहत सभी पात्र उपभोक्ताओं को लाभ दिलाना ही हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना (एमबीबीएस) के सफल क्रियान्वयन हेतु पात्र हितग्राहियों को चिन्हाकित कर अधिकाधिक संख्या में जोड़ा जाए। पंजीयन की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाकर इस योजना के दायरे में आने वाले बीपीएलए निम्नदाब घरेलू और अशासकीय कृषि श्रेणी के बिजली उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित किया जाए। सभी मैदानी अधिकारी योजना को अधिक प्रभावी बनाने युद्धस्तर पर जुट जाए। इस योजना के क्रियान्वयन में कोताही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

श्री कंवर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राहियों से फीडबैक लेकर अन्य उपभोक्ताओं लाभ दिलाने हेतु संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते कहा है कि कोरोनाकाल के दौरान उत्पन्न आर्थिक कठिनाइयों के कारण बीपीएलए निम्नदाब घरेलू और अशासकीय कृषि श्रेणी के कई उपभोक्ता 31 मार्च 2023 तक अपने बिलों का भुगतान नहीं कर पाए थे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छग सरकार ने ऐसे उपभोक्ताओं का बोझ कम करने इस रियायती योजना को लागू किया है। इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर अपने बकाया बिलों का भुगतान कर छूट प्राप्त करें।
इस अवसर पर राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट, अधीक्षण अभियंता राजनांदगांव वृत शंकेश्वर कंवर, ईई कौशलेन्द्र पाण्डे, सहायक अभियंता कुबेर सिंह मरकाम, कनिष्ठ अभियंता  मोनिका शाह मंडावी सहित ग्राम बोरी के गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए।


अन्य पोस्ट