राजनांदगांव

ईद-उल-फितर भाईचारे और सौहार्द का पैगाम-शकील कल मनाई जाएगी ईद
20-Mar-2026 8:20 PM
ईद-उल-फितर भाईचारे और सौहार्द का पैगाम-शकील कल मनाई जाएगी ईद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 मार्च।
जामा मस्जिद के सदर व मुस्लिम समाज के अध्यक्ष हाजी रईस अहमद शकील ने जानकारी दी कि आज शुक्रवार चांद की तस्दीक होने के बाद राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ सहित देशभर में कल ईद मनाई जाएगी।
रमजान के मुकद्दस महीने का सफर खत्म हो चला है और ईद की रौनक हर गली-मोहल्ले में नजर आने लगी है। आज देर शाम चांद दिखने की आधिकारिक घोषणा के बाद देशभर में कल शनिवार को ईद-उल-फितर का त्यौहार धूमधाम से मनाया जाएगा। ईद के चांद के साथ ही बाजारों में रौनक बढ़ गई। लोग देर रात तक सेवइयां, मिठाइयां और नए कपड़ों की खरीदारी में जुटे रहे।

रईस अहमद ने कहा रमजान सिर्फ रोजा रखने का ही नाम नहीं है, बल्कि रूह की पाकीजगी, सब्र का इम्तेहान और खिदमते खल्क का महीना है। यह महीना हमें अपने रब से जुडऩे, दिल को साफ करने और समाज के कमजोर तबकों के तंई जिम्मेदारी निभाने का पैगाम देता है।  श्री शकील ने कहा की शहरे मुत्तवलियांन ने मिलकर ईदुल-फितर 2026 के लिए मठपारा स्थित ईदगाह में जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिचर की सुबह 8.30 बजे विशेष नमाज ईदुल फितर की अदा की जाएगी।
मुस्लिम समाज के मीडिया प्रभारी सैय्यद अफजल  अली ने बताया कि अतराफ  एरिये के सभी मस्जिदों में पूरे महीने ईबादतों के साथ रौनक रही और मुल्क में अमन चैन की दुआ की गई। सभी मस्जिदों दरगाह कब्रस्तान कमेटी के सदर अध्यक्ष ने मुबारकबाद पेश की।


अन्य पोस्ट