राजनांदगांव
आधा दर्जन से अधिक सरपंचों व ग्रामीण सडक़ पर उतरे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 फरवरी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा खोलने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत चारभांठा क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक पंचायतों के सरपंचों व ग्रामीणों ने सोमवार को सडक़ चिरचारी नेशनल हईवे-53 में चक्काजाम कर दिया। इसकी सूचना सरपंचों और ग्रामीणों ने पूर्व में कलेक्टर को ज्ञापन के माध्यम से दिया गया था। इधर चक्काजाम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों को समझाईश देने पुलिस जवान और अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को ग्राम पंचायत चारभांठा पंचायत क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक सरपंचों और ग्रामीणों ने सडक़ चिरचारी नेशनल हाईवे में चक्काजाम कर ग्राम पंचायत चारभांठा में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा खोलने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व निरीक्षक मंडल चारभांठा में विगत 20 वर्षों से ग्राम पंचायत चारभांठा में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा खोलने के लिए क्षेत्रवासियों ने लगातार अपना प्रस्ताव सहित आवेदन संबंधित विभाग कलेक्टर कार्यालय और अपेक्स बैंक कार्यालय, भारतीय रिजर्व बैंक को आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा किया जा चुका है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 30 जून 2025 को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव द्वारा भारतीय रिजर्व बैंक को चारभांठा में बैंक की नवीन शाखा खोलने के लिए पत्र प्रेषित किया जा चुका है, लेकिन क्षेत्रवासियों के मूल मांग पर अभी तक गंभीरतापूर्वक विचार नहीं किया गया। उक्त मांगों पर अगले 30 दिनों के भीतर नवीन शाखा नहीं खोली गई। इधर दो दिन पहले सरपंचों और ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उक्त मांगों को पूरा करने की मांग रखते चक्काजाम की चेतावनी भी दी गई थी। वहीं उक्त मांग पूरी नहीं होने पर सरपंचों और ग्रामीणों ने आज सडक़ चिरचारी नेशनल हाईवे को जाम कर सडक़ पर बैठ गए। इधर खबर लिखे जाने तक चक्काजाम जारी रहा।


