राजनांदगांव

महिला के शव की शिनाख्ती, संदेही पति फरार
23-Feb-2026 8:41 PM
महिला के शव की शिनाख्ती, संदेही पति फरार

डोंगरगढ़ के अछोली में कल मिली थी लाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 फरवरी।
डोंगरगढ़ से सटे अछोली स्थित आम बगीचा में चोटिल हालत में मिली एक महिला के शव की पुलिस ने शिनाख्ती कर ली है। पुलिस ने मौत के पीछे हत्या की आशंका जाहिर की थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है। वहीं  महिला की हत्या के पीछे पुलिस को पति की भूमिका  पर संदेह है। डोंगरगढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक अछोली के आम बगीचा में पुलिस को कल सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिला था। पुलिस ने जांच के बाद शव की पूर्णिमा नेताम (33 वर्ष) के रूप में पहचान की है।  महिला बालोद जिले की दल्लीराजहरा की रहने वाली है। महिला का अछोली के पास एक गांव में मायका है। पुलिस को जांच के दौरान महिला के पति सुनील नेताम पर हत्या करने की आशंका है।
बताया जा रहा है कि महिला का पति फरार हो गया है। महिला को जान से मारने की वारदात में पति के साथ एक और व्यक्ति शामिल है। मृतिका की पहचान के बाद पुलिस ने परिजनों से भी बातचीत की है। इससे यह जानकारी सामने आई है कि पूर्णिमा नेताम अपने पति के साथ अपने मायके आई थी। घटना के बाद से पति के गायब होने पर पुलिस का शक बढ़ा। बताया जा रहा है कि पति और उसके साथी की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।


अन्य पोस्ट