राजनांदगांव
200 से ज्यादा जवान रहे तैनात, कहीं भी अप्रिय घटना नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 फरवरी। वेलेनटाईन-डे के अवसर पर प्रेमी जोड़ों के साथ बदसलूकी व मारपीट करने की आशंका के चलते जिले में पुलिस काफी सख्त नजर आई। जिले के पिकनिक स्पॉट और गार्डन व पर्यटन क्षेत्रों में सुबह से ही पुलिस के जवान गश्त करते रहे।
पुलिस की ओर से साफ हिदायत दी गई थी कि किसी भी सूरत में हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने सभी स्थलों में पुलिस जवानों को तैनात रखा था। यही कारण है कि कहीं भी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। इस संबंध में एएसपी कीर्तन राठौर ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि वेलेनटाईन-डे के मौके पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। कहीं भी हिंसा व मारपीट के मामले सामने नहीं आए हैं। इस बीच आज सुबह से ही शहर के गार्डनों और रेस्टोरेट में युवा जोड़ों की मौजूदगी रही। वेलेनटाईन-डे को लेकर युवाओं में काफी उत्साह रहता है। हालांकि पश्चिमी सभ्यता का रिवाज बताकर इसका विरोध भी होता रहा है। ऐसे में पुलिस के कड़े बंदोबस्त किए थे। मिली जानकारी के मुताबिक मनगटा वन चेतना केंद्र, डोंगरगढ़ के अलावा शहर के रेस्टोरेंट, गार्डन और पार्कों में पुलिस सुबह से गश्त करती नजर आई। वहीं युवाओं में भी वेलेनटाईन-डे को लेकर उत्साह नजर आया। शहर के फूलों की दुकानों में फूलों की अच्छी खासी बिक्री हुई।


