राजनांदगांव

जिला क्रिकेट एसोसिएशन नांदगांव की शानदार जीत, नारायणपुर को एक पारी 121 रनों से हराया
05-Feb-2026 4:52 PM
जिला क्रिकेट एसोसिएशन नांदगांव की शानदार जीत, नारायणपुर को एक पारी 121 रनों से हराया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 फरवरी।
दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव के मैदान में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा संचालित अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता सीनियर वर्ग में खेले गए  ग्रुप-ए के पहले तीन दिवसीय मैच में जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव ने जिला क्रिकेट एसोसिएशन नारायणपुर की टीम को एक पारी एवं 121 रन के विशाल अंतर से परास्त कर बोनस अंक सहित सात पूरे अंक प्राप्त किए। जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव द्वारा आयोजित इस पहले मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते नारायणपुर की पूरी टीम अपनी पहली पारी में 181 रन पर ही ऑल आउट हो गई।

राजनांदगांव की तरफ  से कप्तान रोहन टांक ने 50 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट लिए। वहीं अर्शदीप भाटिया ने मात्र 24 रन देकर ही तीन विकेट प्राप्त कर लिए। राजनांदगांव के इन दोनों ही फिरकी गेंदबाजों के सामने नारायणपुर की टीम का कोई भी खिलाड़ी अपनी टीम को मजबूती प्रदान नहीं कर पाया। तत्पश्चात जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव ने  बल्लेबाजी करते नारायणपुर के गेंदबाजों को बहुत ही छकाया,  जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव ने 8 विकेट पर 498 रनों का विशाल स्कोर बनाकर अपनी पारी समाप्ति की घोषणा कर दी।

जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव के दो खिलाडिय़ों ने अपने पहले ही मैच में शानदार शतक बनाया। उपेंद्र मरकाम एवं युक्तिज्ञ प्रसाद वर्मा ने क्रमश: 114 एवं नाबाद 100 रन  बनाएं। वैदिक मदुकर एवं श्रेयांश खांडेकर ने भी क्रमश: 73 एवं 69 रन बनाएं। कप्तान रोहन टांक ने गेंदबाजी के पश्चात बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन कर शानदार 64 रन बनाए। पहली पारी में 317 रनों से बिछडऩे के पश्चात नारायणपुर की टीम के प्रारंभिक बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में अपनी टीम के लिए मजबूत शुरुआत की, परंतु जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव के फिरकी  गेंदबाजों के सामने वे भी ज्यादा टिक नहीं पाए और उनकी पूरी टीम दूसरी पारी में भी 196 रनों पर ही ऑल आउट हो गई।

नारायणपुर के कप्तान यशवरदा ने अकेले ही एक छोर में डटकर 82 रन बनाएं, परंतु सामने अन्य बल्लेबाज लगातार आउट होते गए। इस पारी में भी राजनांदगांव के उदयीमान फिरकी गेंदबाज अर्शवीर भाटिया ने मात्र 56 रन देखकर 5 विकेट प्राप्त किया। वहीं रोहन टांक ने भी 44 रन देकर तीन विकेट प्राप्त किया। जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव की इस एकतरफा जीत के कारण उन्हें इस मैच में बोनस अंक सहित सात अंक प्राप्त हुए। दिग्विजय स्टेडियम के इसी मैदान में अगला मुकाबला 6 फरवरी से नारायणपुर एवं जशपुर की जिला क्रिकेट टीमों के मध्य खेला जाएगा। जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव का अगला मुकाबला 10 फरवरी से 3 दिवसीय इसी दिग्विजय स्टेडियम के मैदान में जिला जशपुर के साथ खेला जाएगा।


अन्य पोस्ट