राजनांदगांव
भारतीय जनता पार्टी ने दिया बड़ा दायित्व
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी ने बालोद जिले के संघर्षशील और पार्टी के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ता, प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं बालोद जिला पंचायत के पूर्व सभापति अभिषेक शुक्ला को बिलासपुर संभाग का संगठन सहप्रभारी का बड़ा दायित्व प्रदान किया गया है।
भाजपा ने संगठनात्मक नियुक्ति में अभिषेक शुक्ला के कार्यक्षमता पर विश्वास व्यक्त किया। सबसे पहले भाजपा संगठन ने अभिषेक शुक्ला को प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया। उसके बाद उनके सबको साथ लेकर चलने की क्षमता को ध्यान में रखकर नगरीय निकाय चुनाव में कांकेर नगर पालिका का चुनाव प्रभारी बनाया। पार्टी के आदेश को शिरोधार्य करते अभिषेक शुक्ला ने स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में आपसी समन्वय बनाकर सबको एक ही लक्ष्य दिया कि किसी भी सूरत में कांकेर नगर पालिका में पार्टी का अध्यक्ष एवं अधिक से अधिक संख्या में पार्षद जीताकर लाना है।
कांकेर नगर पालिका में भाजपा का अध्यक्ष जीतना इतिहास रचने जैसा हो गया, जहां कभी भाजपा जीत नहीं पाई थी। वहां जीत का परचम लहराया । अभिषेक शुक्ला जमीन से जुडक़र कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते सबको साथ लेकर पार्टी संगठन को मजबूत करने का कार्य लगातार कर रहे हैं और अब बिलासपुर संभाग के सह प्रभारी की महती जिम्मेदारी का निर्वहन भी बखूबी करने को तत्पर रहेंगे। ऐसा प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ बालोद जिला के समस्त कार्यकर्ताओं को विश्वास है।
उक्त नियुक्ति को लेकर अभिषेक शुक्ला ने कहा कि भाजपा ने मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता को बिलासपुर संभाग के संगठन सहप्रभारी के रूप में इतनी बड़ी जिम्मेदारी दिया है। वह उसमे खरा उतरने का पूरा प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि वे सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।


