राजनांदगांव

गंज चौक से कन्हारपुरी तक सडक़ चौड़ीकरण प्रस्तावित
09-Dec-2025 2:42 PM
गंज चौक से कन्हारपुरी तक सडक़ चौड़ीकरण  प्रस्तावित

 महापौर यादव ने किया निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 दिसंबर।
गंज चौक से कन्हारपुरी तक चौड़ीकरण कर सडक़ निर्माण किए जाने शासन बजट में प्रावधान किया गया था। जिसकी स्वीकृति उपरांत सडक़ निर्माण के लिए प्रक्रिया एवं कार्रवाई की जा रही है। प्रस्तावित सडक़ निर्माण कार्य का सोमवार को महापौर मधुसूदन यादव ने नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा एवं लखोली क्षेत्र के पार्षदों तथा निगम के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंंने क्षेत्रवासियों से भी चर्चा की।

लखोली क्षेत्र में यातायात के दबाव को देखते गंज चौक से कन्हारपुरी बायपास तक सडक़ चौड़ीकरण कर रोड निर्माण करने शासन के बजट में प्रावधान किया गया था। प्रावधान अनुसार मुख्यमंत्री नगर उत्थान योजना के तहत लखोली रोड निर्माण के लिए 14.54 करोड़ स्वीकृति प्राप्त हुई। स्वीकृति पश्चात नगर निगम द्वारा चौड़ीकरण कर रोड निर्माण करने प्रक्रिया की जा रही है। प्रस्तावित रोड़ का महापौर यादव ने सोमवार को निरीक्षण कर निर्माण के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।

श्री यादव ने कहा कि शहर विकास के लिए शासन के बजट में विभिन्न प्रावधान किए गए थे। जिसकी स्वीकृति प्राप्त हुई है। लखोली क्षेत्र में यातायात के दबाव को देखते एवं सुगम आवागमन के लिए गंज चौक से कन्हारपुरी बायपास तक सडक़ निर्माण की स्वीकृति मिली। जिसमें चौड़ीकरण कर दोनों तरफ  नाली तथा सडक़ निर्माण किया जाना है। उन्होंने कहा कि चौड़ीकरण से लखोली क्षेत्र के कुछ घर एवं प्रतिष्ठान प्रभावित हो रही है। इस संबंध में उन्होंने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सडक़ निर्माण हो जाने से आवागमन मे सुविधा होगी तथा दुर्घटना से राहत मिलेगी। प्रभावित घर एवं व्यवसाय के संबंध में उन्होंने कहा कि चौड़ीकरण में कम से कम नुकसान हो, इसका प्रयास किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी सदस्य राजेश जैन रानू, पार्षद संतोष साहू, पार्षद प्रतिनिधि हिछाराम साहू सहित प्र.सहायक अभियंता गरिमा वर्मा, उप अभियंता रीतू श्रीवास्तव के अलावा लखोलीवासी तथा निगम का अमला उपस्थित था।


अन्य पोस्ट