राजनांदगांव
कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सरकार विरोधी मुद्दों पर मुखर होने किया आह्वान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 दिसंबर। कांग्रेस के नवनियुक्त शहर एवं जिला कांग्रेस अध्यक्षों के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने शिरकत की। बघेल कार्यक्रम में देरी से पहुंचे। जबकि बैज ने शपथ ग्रहण समारोह के अंतिम समय तक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इससे पहले स्थानीय सतनाम भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राजनांदगांव शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार और ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव ने शपथ लेते हुए पार्टी हित में पूरी निष्ठा और राग-द्वेष के बगैर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। शहर अध्यक्ष मुदलियार और ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एकजुट होकर साथ चलने का संकल्प दोहराया।
इससे पहले पीसीसी अध्यक्ष बैज का कार्यक्रम में पहुंचने पर मुदलियार-यादव ने स्वागत किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर बैज के समर्थन में नारे लगाए। इसके बाद कार्यक्रम में पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी पहुंचे। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्षों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने इस बात के लिए प्रोत्साहित किया कि सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ जंग छेडऩे के लिए एक होकर आगे बढऩा होगा। पार्टी के अन्य नेताओं ने भी दोनों नियुक्त अध्यक्षों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान गिरीश देवांगन, आफताब आलम, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, मेहुल मारू, सूर्यकांत जैन, शाहिद भाई, थानेश्वर पाटिला, शारदा तिवारी, नलिनी मेश्राम समेत अन्य कांग्रेसी शामिल थे।


