राजनांदगांव

पूर्व सांसद अभिषेक के प्रयासों से किसानों को मिलने लगा टोकन
04-Dec-2025 4:17 PM
पूर्व सांसद अभिषेक के प्रयासों से किसानों को मिलने लगा टोकन

किरगी के किसानों में हर्ष की लहर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 दिसंबर
। डोंगरगांव तहसील अंतर्गत ग्राम किरगी ब के किसानों को अब समर्थन मूल्य में धान विक्रय करने हेतु टोकन समस्या से निजात मिल गया है। 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ होने के बाद से ही गिरदावरी व भौतिक सत्यापन पूर्ण होने के बाद भी किसानों को टोकन नहीं निकल रहा था। इस आशय की शिकायत पूर्व सांसद अभिषेक सिंह को मिलने के बाद उन्होंने  एनआईसी नई दिल्ली में हस्तक्षेप किया।

उल्लेखनीय है कि ग्राम किरगी ब के किसानों का भौतिक सत्यापन/गिरदावरी लंबित दिखा रहा था। जिससे गांव के एक भी किसान का टोकन नहीं निकल रहा था। पूरे प्रदेश में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हो चुका है, बनिस्बत ग्राम किरगी ब के एक भी किसान टोकन समस्या से अपनी फसल का एक दाना भी नहीं बेच पाए थे। गांव के सभी किसान मायूस थे। किसानों ने इधर-उधर भटकने के बाद जिला महामंत्री डीकेश साहू एवं जनपद उपाध्यक्ष मनीष साहू को अपनी समस्या बताई।

उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि से जानकारी एकत्र कर जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष सचिन बघेल से चर्चा कर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह को अवगत कराया। एक गांव के सैकड़ों किसानों की समस्या से अवगत होकर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने राज्य शासन के शीर्षस्थ अफसरों से चर्चा कर सीधे एनआईसी नई दिल्ली में हस्तक्षेप किया। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने नई दिल्ली से तकनीकी त्रुटि को सुधार कराकर किसानों को समस्या से निजात दिलाया। अब किरगी ब के किसानों का टोकन निकलना प्रारंभ हो गया है। किरगी के किसानों सहित समस्त ग्रामीणों ने अभिषेक सिंह के अलावा कोमल सिंह राजपूत, सचिन बघेल के प्रति कृतज्ञता जाहिर की है।


अन्य पोस्ट