राजनांदगांव
राजनांदगांव, 2 दिसंबर। जिले में अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट में अवैध धान के आवक की रोकथाम हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। जिले में मंडी एवं नगर सेना के कर्मचारियों की ड्यूटी, सीमावर्ती राज्यों से अवैध धान परिवहन के रोकथाम हेतु अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट में लगाई गई है। इसके अंतर्गत नगर सैनिक संतराम मारकंडे, नगर सैनिक चुम्मन सिंह, भृत्य, डोंगरगढ़ मंडी योगेश मंडलोई, भृत्य डोंगरगांव मंडी रमेश कुमार कोसरे द्वारा अपने कर्तव्य पर उपस्थित नहीं रहने के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण नियत्रंण तथा अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते एक-एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोके के आदेश दिए गए है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव द्वारा धान खरीदी कार्यों में पर्यवेक्षण एवं निरीक्षण हेतु लगाई गई ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
सलोनी में जल स्वच्छता और
फसल संगोष्ठी आयोजित
राजनांदगांव, 2 दिसंबर। मिशन जल रक्षा अंतर्गत जनपद पंचायत डोंगरगढ़ ग्राम सलोनी में जल स्वच्छता एवं फसल संगोष्ठी तथा नीर और नारी जल यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत डोंगरगढ़ में भू-जल स्तर में निरंतर आ रही कमी, ग्राम पंचायतों में पेयजल की समस्या के पूर्वानुमान एवं जिले के सेमी क्रीटिकल जोन में पानी की गंभीरता स्तर के संबंध में चर्चा की गई। फसल चक्र परिर्वतन कर जनभागीदारी के साथ जल संरक्षण, भू-जल रिचार्ज, कृषि एवं आजीविका संवर्धन संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा दिए जाने संबंधी विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही ग्राम पंचायत सलोनी में रबी फसल में धान के बदले कम पानी की आवश्यकता वाले अन्य फसल लिए जाने संबंधित प्रस्ताव ग्रामसभा की बैठक में पारित किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री फूलबासन यादव, नोडल अधिकारी अनिल सोनवानी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, सरपंच, रोजगार सहायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, किसान, महिला स्वसहायता समूह की सदस्य शामिल हुए।


