राजनांदगांव
प्रधानमंत्री ने 21वीं किस्त जारी की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोयम्बटूर तमिलनाडु से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त के रूप में जिले के 1 लाख 3 हजार 203 किसानों को 20 करोड़ 64 लाख रुपए का भुगतान आधार बेस्ट प्रणाली के माध्यम से किया।
सांसद संतोष पांडे कृषि विज्ञान केन्द्र सुरगी में आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। सांसद पांडे ने किसानों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेकर उत्पादन में वृद्धि के लिए प्रेरित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव और समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत ने भी किसानों को आधुनिक तकनीक का उपयोग करते खेती करने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गुंजन झा ने केन्द्र की गतिविधियों की जानकारी दी।
उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने विभागीय योजनायों एवं रबी फसल में धान के बदले अन्य दलहन एवं तिलहन फसल लगाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कृषि से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाकर कृषकों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विभागीय जानकारी एवं कृषकोन्मुखी योजनाओं के संबंध में कृषकों को संबोधित किया।
प्रक्षेत्र प्रबंधक आशीष गौरव शुक्ला द्वारा केन्द्र की गतिविधियों एवं प्राकृतिक खेती के संबंध में किसानों को जागरूक किया गया। उद्यानिकी विभाग राजनांदगांव के श्री मेहरा, लीड बैंक मैंनेजर मुनीश शर्मा, पशुधन विकास विभाग के ममता मेश्राम एवं मत्स्य पालन विभाग से डॉ. वर्तिका ठाकुर ने किसानों को विभागीय जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य जागृति यदु, सांसद प्रतिनिधि बिशेसर दास साहू, जिला पंचायत सदस्य देेव कुमारी साहू, जिला पंचायत सदस्य गोपाल सिंह भुआर्य, सभापति कृषि स्थायी समिति जनपद पंचायत पूर्णिमा साहू, सरपंच सुग्रीव साहू सहित कार्यक्रम में जिले के लगभग 400 से 500 किसान उपस्थित थे।


