राजनांदगांव

कांग्रेस की सशक्त और मजबूत आवाज के लिए टैलेंट हंट अभियान-गंगवानी
19-Nov-2025 4:58 PM
कांग्रेस की सशक्त और मजबूत आवाज  के लिए टैलेंट हंट अभियान-गंगवानी

क्यूआर कोड और लिंक द्वारा भरे जा रहे आवेदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 19 नवंबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार छग प्रदेश कांग्रेस ने जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रवक्ता चयन के लिए टैलेंट हंट अभियान प्रदेशभर में चल रहा है। इस आयोजन के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश स्तरीय एक समिति प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला को कार्डिनेशन बनाया है।

टैलेंट हंट अभियान के राजनांदगांव जिला प्रभारी व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अजय गंगवानी ने मंगलवार को प्रेस कान्फ्रेंस लेते कहा कि इसमें भाग लेने वालों के लिए एक क्यूआर कोड़ सहित हिन्दी और अंग्रेजी भाषा में गूगल फार्म का एक लिंक जारी किया गया है, जिसे स्कैन कर या लिंक क्लिक कर वे कांग्रेस प्रवक्ता चयन के लिए अपने आवेदन 20 नवंबर तक भर सकते हैं। 21 से 25 नवंबर तक प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग की जाएगी एवं चयनित प्रतिभागियों का 25 से 30 नवंबर तक रीजनल फिजिकल इंटरव्यू लिया जाएगा। इसके पश्चात 1 से 5 दिसंबर तक फाइनल फिजिकल इंटरव्यू एवं पैनल डिस्कशन किया जाएगा।

श्री गंगवानी ने कहा कि नेशनल टैलेंट हंट के इस कार्यक्रम में कांग्रेस प्रवक्ता चयन का मापदंड कांग्रेस के मूल्यों के प्रति निष्ठा, स्पष्ट सोच, राजनैतिक जागरूकता, त्वरित प्रतिक्रिया, कांग्रेस और देश के इतिहास की विस्तृत जानकारी, अच्छी कम्युनिकेशन स्किल, समसामयिक विषयों में रूचि और ज्ञान, मजबूत भाषाई पकड़ तथा मीडिया फ्रेंडली होगा।

प्रदेश प्रवक्ता अजय गंगवानी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ज्यादा से ज्यादा ऐसे युवाओं को कांग्रेस की प्रखर और मजबूत आवाज बनाकर जोडऩा चाहती है। जिनमें जोश हो, जुनून हो और जो देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने की कांग्रेस पार्टी की लड़ाई में महती और अहम भूमिका निभाने पूरी तरह तैयार हो। वर्तमान में केंद्र सरकार एवं प्रदेश की साय सरकार के जनविरोधी विरोधी फैसलों से छत्तीसगढ़ का आम आदमी प्रबुद्ध वर्ग, किसान, युवा, महिला, गरीब सहित हर वर्ग परेशान है और मोदी गारंटी के नाम पर खुद को ठगा हुआ सा महसूस कर रहा है। जिसके चलते यह कांग्रेस प्रवक्ता चयन के इस अभियान को पूरे छत्तीसगढ़ में जबर्दस्त सफलता और युवाओं का भरपूर समर्थन मिल रहा है।

श्री गंगवानी ने जिले के जागरूक युवा एवं सक्रिय कांग्रेसजनों से जो लोकतंत्र की रक्षा के लिए और सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने में तत्पर नागरिक हैं, उनसे भी इस अभियान में जुडक़र कांग्रेस की आवाज बनने की अपील की है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा, मेहुल मारू, सूर्यकांत जैन, हेमा देशमुख, रूपेश दुबे, अमित चंद्रवंशी, झम्मन देवांगन, मानव देशमुख, बंटी यादव शामिल थे।


अन्य पोस्ट