राजनांदगांव

महिला किसान ने धान बेचकर कराई बेटी की शादी
18-Nov-2025 4:33 PM
महिला किसान ने धान बेचकर कराई बेटी की शादी

मोखला की महिला किसान धान लेकर पहुंची भर्रेगांव उपार्जन केंद्र
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 18 नवंबर।
जिले में धान खरीदी को लेकर किसानों में खुशी और उल्लास का माहौल है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की जा रही है।

 ग्राम मोखला की किसान किरण साहू धान की बिक्री के लिए धान उपार्जन केन्द्र भर्रेगांव पहुंची थी। उन्होंने बताया कि धान खरीदी केन्द्रों में पेयजल, प्रकाश, इलेक्ट्रानिक मशीन सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध है। टोकन तुंहर हाथ मोबाईल एप के माध्यम से ऑनलाईन टोकन प्राप्त किया था। किरण साहू ने बताया कि उनके पास 3.40 एकड़ जमीन है और आज वे यहां 71.20 क्विंटल धान की बिक्री करने  यहां पहुंची है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के प्राप्त राशि से बेटी की शादी करवायी थी। यह योजना उनके परिवार के लिए मददगार साबित हो रही है। इस वर्ष प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर का निर्माण भी हो गया है। उन्होंने शासन की योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को शुक्रिया कहा।

किसानों में खुशी एवं उत्साह का माहौल
धान खरीदी केन्द्र रेंगाकठेरा धान विक्रय करने खपरीकला के किसान दुलेश्वर साहू पहुंचे थे। किसान दुलेश्वर साहू ने बताया कि उनकी पत्नी इंदुवती के नाम पर 4 एकड़ खेती जमीन है। धान विक्रय के लिए 217 कट्टा धान लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष राज्य शासन द्वारा 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी से एक बड़ी राशि मिली थी। जिसका उपयोग वे खेती-किसानी और घरेलू खर्च में किया था। पिछले वर्ष वे चना, गेंहू और मसूर की खेती किए थे, जिसका उत्पादन अच्छा हुआ।  उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी की जा रही है। जिससे हम किसान सही मूल्य पर अपने धान की बिक्री कर पा रहे है।


अन्य पोस्ट