राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अक्टूबर। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने रविवार को स्टेट हाईस्कूल मैदान में राज्योत्सव की तैयारियों का जायजा लिया।
कलेक्टर यादव ने शासकीय योजनाओं पर आधारित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टाल के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जिले में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के संबंध में अच्छी प्रदर्शनी लगाने कहा। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, एन्ट्री गेट एवं अन्य तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने राज्योत्सव आयोजन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
लोक गायिका आरू के गीतों से सजेगी महफिल
2 नवंबर 2025 को जिला मुख्यालय राजनांदगांव के महंत राजा बलराम दास शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (स्टेट हाईस्कूल) राजनांदगांव में शाम 6 बजे से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को सुप्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी लोक गायिका आरू साहू के सुमधुर गीतों से महफिल सजेगी। कार्यक्रम में विभागीय स्टॉलों के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।


